सांपों के लिए काल! इनमें से एक तो सांप को पत्थर पर पटक-पटककर मार डालता है

सांपों के लिए काल! इनमें से एक तो सांप को पत्थर पर पटक-पटककर मार डालता है


खंडवा. सांप का नाम सुनते ही हमारे रोंगटे खड़े हो जाते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस धरती पर कुछ जानवर ऐसे भी हैं, जिनके लिए सांप बस एक आसान शिकार है. ये जानवर सांप से नहीं डरते हैं बल्कि उसे देखते ही उसपर झपट पड़ते हैं और पलभर में उसे मौत के घाट उतार देते हैं. जंगल हो या गांव, इन जानवरों की मौजूदगी इंसानों के लिए भी फायदेमंद है क्योंकि ये खतरनाक जानवर सांपों से हमें सुरक्षित रखते हैं. आइए जानते हैं, उन 10 जांबाज जानवरों के बारे में, जिनके लिए सांप मात्र एक निवाला है.

1. नेवला- स्नेक किलर मशीन
नेवला एक फुर्तीला और चालाक जानवर है, जो खासतौर पर कोबरा जैसे जहरीले सांपों से लड़ना जानता है. अपनी चपलता और जहर से लड़ने की अद्भुत क्षमता से ये सांप पर पलक झपकते ही हमला कर उसे खत्म कर देता है.

2. हनी बैजर- जंगल का टैंक
हनी बैजर की मोटी खाल पर सांप का जहर बेअसर रहता है. यह निर्भीक जानवर सांप को देखते ही उस पर टूट पड़ता है और उसे चबा जाता है, इसीलिए इसे जंगल का असली टैंक कहा जाता है.

3. सेक्रेटरी बर्ड- लंबी टांगों वाला योद्धा
अफ्रीका में पाया जाने वाला सेक्रेटरी बर्ड अपनी लंबी-लंबी टांगों से सांप को इतना जोर से मारता है कि सांप तड़पकर मर जाता है. कोबरा से लड़ना इस पक्षी के लिए बाएं हाथ का खेल है.

4. किंग कोबरा- सांपों का राजा
सांपों का राजा कहलाने वाला किंग कोबरा खुद अन्य सांपों को मारकर खा जाता है. इसका आकार बड़ा, तेज जहर और स्वभाव बेहद आक्रामक होता है.

5. ईगल- आसमान से हमला करने वाला शिकारी
गोल्डन ईगल और सर्प ईगल सांपों के लिए किसी काल से कम नहीं हैं. ये ऊंचाई से ही सांप पर नजर गड़ाते हैं, फिर अचानक झपट्टा मारते हुए उसे पकड़ लेते हैं. आसमान में ही सांप का काम तमाम करके ईगल उसे अपना भोजन बना लेते हैं.

6. हेजहॉग- छोटा पर दमदार
छोटा हेजहॉग देखने में भले मासूम लगे, पर यह भी सांपों से भिड़ना जानता है. इसके कांटेदार शरीर में जहर से बचाव करने की शक्ति होती है, इसलिए ये छोटी प्रजाति के सांप को मारकर खा जाता है.

7. जंगली सुअर- मोटी खाल, ताकतवर जबड़ा
जंगली सुअर की मोटी खाल पर सांप के दांत असर नहीं करते. जंगल में खाने की तलाश में निकला सुअर सांप को देखते ही उसे पकड़ लेता है और चबा जाता है.

8. मोर- सुंदर मगर खतरनाक
गांव-देहात में मोर को सांप भगाने के लिए जाना जाता है. कोबरा जैसे जहरीले सांपों को मोर अपनी चोंच से मारकर धराशायी कर देता है.

9. रोडरनर- पत्थर पर पटककर मारना है कला
अमेरिका में पाया जाने वाला रोडरनर सांप पकड़ने में माहिर है. ये सांप को पकड़ते ही पत्थर पर पटक-पटककर खत्म कर देता है.

10. अपॉसम- जहर का असर नहीं?
रात में निकलने वाला अपॉसम सांप के जहर से कुछ हद तक सुरक्षित होता है. ये सांप पर चुपके से हमला करता है और उसे मारकर अपना भोजन बना लेता है.

ये 10 शिकारी इस धरती पर सांपों के असली काल हैं. उनकी अद्भुत ताकत, फुर्ती और निडरता देखकर हम भी हैरान रह जाते हैं. वाकई प्रकृति में हर जीव के लिए एक मुकाबला करने वाला जरूर है, फिर चाहे वो सांप ही क्यों न हो.



Source link