इसी कार से बुजुर्ग का अपहरण किया गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रीवा के सिटी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह 71 वर्षीय बुजुर्ग का अपहरण कर लिया गया। कर्ज वसूली के लिए की गई इस वारदात में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं।
.
जानकारी के अनुसार, जयस्तंभ घोघर निवासी रामभोला मिश्रा सुबह करीब 8 बजे बड़े पुल के पास से जा रहे थे, तभी एक चार पहिया वाहन में सवार युवकों ने उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर इटौरा बायपास ले गए।
एसपी ने टीम बनाई, एक घंटे में आरोपी को पकड़ा
भीड़भाड़ वाली जगह हुई इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। एसपी विवेक सिंह ने तत्काल थाना प्रभारी श्रृंगेश सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों का पता लगाया और शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों की घेराबंदी कर दी। पुलिस की कार्रवाई देखकर करीब एक घंटे बाद अपहरणकर्ता बुजुर्ग को ढेकहा तिराहे के पास छोड़कर फरार हो गए।
बेटे ने उधार लिए पैसे, पिता का अपहरण किया
बुजुर्ग ने बताया कि चोरहटा निवासी प्रवीण मिश्रा ने अपनी कार से उनका अपहरण किया था। पुलिस ने तुरंत लोकेशन ट्रेस कर प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी पहले पीड़ित के घर किराएदार था। पीड़ित के बेटे ने आरोपी से पैसे उधार लिए थे और वापस नहीं कर रहा था। इसलिए आरोपी ने बेटे को धमकाने के लिए पिता का अपहरण किया।
थाना प्रभारी श्रृंगेश राजपूत ने बताया
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
