बैहर के 12 गांवों में पुल, सड़क बनाए सरकार: ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव, कहा- बारिश में कट जाएगा संपर्क – Balaghat (Madhya Pradesh) News

बैहर के 12 गांवों में पुल, सड़क बनाए सरकार:  ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव, कहा- बारिश में कट जाएगा संपर्क – Balaghat (Madhya Pradesh) News


बालाघाट के बैहर में पुल और सड़क निर्माण की मांग को लेकर 12 गांवों के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। अंबेडकर चौक से रैली निकालकर आदिवासी विकास परिषद के नेतृत्व में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे।

.

किनारदा पंचायत के पोला पटपरी और लोहार टोला के बीच नदी पर पुल नहीं होने से बारिश में आवागमन बाधित होने की आशंका है। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट गेट बंद कर दिया गया। कलेक्टर के कार्यालय में नहीं होने पर प्रदर्शन कारियों ने संयुक्त कलेक्टर राजनंदिनी शर्मा को मांग-पत्र सौंपा।

आदिवासी विकास परिषद के युवा अध्यक्ष शुभम उईके ने बताया कि बैहर जिले का सबसे अधिक राजस्व देने वाला क्षेत्र है। फिर भी यह मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। पोला पटपरी और लोहार टोला के बीच पहले बना रपटा अब उपयोग लायक नहीं है।

बारिश के मौसम में स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। साथ ही पोला पटपरी, सराई टोला, जामुन टोला, बिही टोला, बरटोला, महाजन टोला, लोहार टोला, सेमी टोला, कोठा टोला, झिरिया टोला और बड़ टोला के ग्रामीणों का आवागमन बाधित होगा।

ग्रामीणों ने बताया कि कई वर्षों से पुलिया की मांग की जा रही है। प्रशासन फंड की कमी का हवाला देकर इसे टालता रहा है। इसी तरह बैहर के तन्नौर नदी पर पुल और 3 किलोमीटर मार्ग के निर्माण का भूमि पूजन 2023 में हुआ था, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। इसके लिए जरूरी है कि पुल निर्माण कार्य को शुरू किया जाए, ताकि आवागमन में कोई दिक्कत ना हो।

पूर्व सरपंच प्रीतम सिंह धुर्वे ने बताया कि पूर्व में रपटा बना था, लेकिन वह टूट गया है, जिसके कारण स्कूली बच्चों के साथ ही ग्रामीणों को आवागमन में बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विधायक पर आरोप लगाते हुए बताया कि विधायक ने भूमि पूजन तो कर दिया, लेकिन कोई काम नहीं किया।

आदिवासी बहुल बैहर क्षेत्र से आए ग्रामीण और प्रतिनिधियों को प्रशासनिक अधिकारी संयुक्त कलेक्टर राजनंदिनी शर्मा ने आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाकर समस्या के निराकरण का प्रयास किया जाएगा।



Source link