उमरिया जिले के वन मंडल में 15 जून से 30 जून तक वन सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत चंदिया, उमरिया, नौरोजाबाद, पाली और घुनघुटी परिक्षेत्र की करीब 100 बीट में कार्रवाई की जा रही है।
.
वन रक्षक के साथ अधिकारी भी अभियान को लेकर जंगल जा रहे हैं। वृक्षारोपण वाले क्षेत्रों में टीम निरीक्षण के साथ अतिक्रमण भी हटा रही है। 15 दिवसीय अभियान में बडे वन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने का अनुमान लगाया जा रहा है।
वन मंडलाधिकारी विवेक सिंह के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य वनों की सीमाओं का सत्यापन और अतिक्रमण हटाना है। इस कार्य में लगभग 150 अधिकारी और कर्मचारी लगे हुए हैं।
अनुविभागीय अधिकारी वन कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि वनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बीट की सीमाओं पर स्थित मुनारों का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही वन क्षेत्रों की सीमाओं का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं।