नई दिल्ली. वैभव सूर्यवंशी का पहले इंग्लैंड दौरे पर प्रदर्शन को लेकर सबकी नजरें टिकी हुई है. इंडिया अंडर 19 टीम शुक्रवार से इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ 5 मैचों की यूथ वनडे सीरीज में भिड़ेगी. पहला मुकाबला होव में खेला जाएगा. जहां भारत को पहली जीत का इंतजार है.इस वेन्यू पर अभी तक न तो भारत की सीनियर क्रिकेट टीम और न ही जूनियर क्रिकेट टीम को जीत मिली है. मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी में भारत ने 1999 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वर्ल्ड कप में एकमात्र मैच यहां खेला है जहां उसे हार मिली है. इसके लंबे समय बाद भारत की यंगिस्तान टीम यहां लौटी है.
आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से डेब्यू किया
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से डेब्यू किया था. उन्होंने अपने डेब्यू सीजन में 252 रन बनाए थे. 7 मैचों में उनका औसत 36 का रहा जबकि स्ट्राइक रेट 206.56 का रहा.वह इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ पारी की शुरुआत करेंगे. भारतीय टीम ने सीरीज से पहले एक प्रैक्टिस मैच इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ खेला जहां सूर्यवंशी ने 13 गेंदों पर 17 रन बनाए. 50 ओवर के मैच में भारत को 231 रन से बड़ी जीत मिली.
वैभव ने इंडिया अंडर 19 टीम की ओर से पहले अच्छी पारियां खेली है. जिसमें उनके डेब्यू मैच की शानदार पारी भी शामिल है.सितंबर 2024 में वैभव ने इंडिया अंडर 19 टीम की ओर से डेब्यू करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार बैटिंग कर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया था.चेन्नई में खेले गए इस मैच में बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने 62 गेंदों पर 104 रन की पारी खेली थी. तब उनकी उम्र 13 साल और 188 दिन थी.
वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 58 गेंदों पर सेंचुरी जड़ी थी जो यूथ टेस्ट मैच में किसी भारतीय की सबसे तेज और ओवरऑल दूसरी सबसे तेज सेंचुरी थी. इंग्लैंड के मोईन अली का रिकॉर्ड तोड़ने से वैभव 3 गेंद पीछे रह गए जिन्होंने 56 गेंदों पर श्रीलंका के खिलाफ 2005 में सेंचुरी जड़ी थी.वैभव ने पिछले साल एशिया कप अंडर 19 में भारत को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. 5 मैचों की यूथ वनडे सीरीज के बाद दो मल्टी डे मैच भी खेले जाएंगे.
इंडिया अंडर-19 वर्सेस इंग्लैंड अंडर-19 यूथ वनडे का शेडयूल और लाइव शुरू होने का समय
27 जून, इंडिया अंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 पहला वनडे – काउंटी ग्राउंड, होव – दोपहर 3:30 बजे
30 जून, इंडियाअंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 दूसरा वनडे – काउंटी ग्राउंड, नॉर्थम्प्टन – दोपहर 3:30 बजे
2 जुलाई, इंडिया अंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 तीसरा वनडे – काउंटी ग्राउंड, नॉर्थम्प्टन – दोपहर 3:30 बजे
5 जुलाई, इंडिया अंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 चौथा वनडे – काउंटी ग्राउंड, न्यू रोड, वॉर्सेस्टर – 3:30 बजे
7 जुलाई, भारत अंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 पांचवां वनडे – काउंटी ग्राउंड, न्यू रोड, वॉर्सेस्टर – 3:30 बजे.
इंग्लैंड दौरे के लिए इंडिया की अंडर 19 क्रिकेट टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, मौल्यराजसिंह चावड़ा, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडू (उप-कप्तान और विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, युधाजीत गुहा, प्रणव राघवेंद्र, मोहम्मद एनान, अनमोलजीत सिंह, डी. दीपेश, नमन पुष्पक.