अटल पेंशन योजना में 4 जिले देश में अव्वल: बालाघाट पहले, श्योपुर दूसरे, उज्जैन आठवें और अलीराजपुर नौवें स्थान पर – Bhopal News

अटल पेंशन योजना में 4 जिले देश में अव्वल:  बालाघाट पहले, श्योपुर दूसरे, उज्जैन आठवें और अलीराजपुर नौवें स्थान पर – Bhopal News


निजी क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों को वृद्धावस्था में आर्थिक संबल देने वाली अटल पेंशन योजना के पंजीयन के मामले में बालाघाट जिले ने देश में पहला और श्योपुर जिले ने तीसरा स्थान पाया है। इस योजना में अच्छा काम करने वाले जिलों की टॉप 10 सूची में एमपी

.

असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को 60 वर्ष की आयु के बाद एक निश्चित पेंशन राशि देने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा अटल पेंशन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना में अधिक से अधिक असंगठित क्षेत्र के लोगों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान में नए लोगों को जोड़ने और उनका पंजीयन कराने में बालाघाट जिला देश में पहले स्थान पर है। कलेक्टर मृणाल मीणा की पहल पर जिले में बैंकों द्वारा कृषि, महिला एवं बाल विकास, आजीविका मिशन एवं श्रम विभाग के साथ समन्वय कर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

एक मई से शुरू हुआ है विशेष अभियान

देश भर में एक मई 2025 से अटल पेंशन योजना में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है, अभियान 15 जुलाई 2025 तक चलेगा। कलेक्टर मृणाल मीणा द्वारा इस अभियान के अंतर्गत जिले में 50 हजार लोगों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इस विशेष अभियान में 27 जून 2025 तक 10 हजार 925 असंगठित क्षेत्र के कामगारों एवं लोगों को इस योजना से जोड़ा जा चुका है, जो देश के सभी जिलों में सबसे अधिक है।

ये हैं टाप टेन जिले

  • केंद्रीय एजेंसी द्वारा बालाघाट जिले को 2992 लोगों को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।
  • इस लक्ष्य के विरुद्ध 10 हजार 925 लोगों को जोड़कर 365 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बालाघाट जिला देश में प्रथम स्थान पर है।
  • दूसरे स्थान पर कर्नाटक का कोलार जिला है।
  • तीसरे स्थान पर मध्यप्रदेश का श्योपुर जिला है।
  • चौथे स्थान पर कर्नाटक का चिकबल्लापुर जिला है
  • पांचवें स्थान पर उत्तरप्रदेश का बाराबंकी जिला है।
  • छठवें स्थान पर पश्चिम बंगाल का माल्दा जिला है।
  • सातवें स्थान पर उत्तरप्रदेश का महाराजगंज जिला है।
  • आठवें स्थान पर मध्यप्रदेश का उज्जैन जिला है।
  • नौवें स्थान पर अलीराजपुर जिला है।
  • दसवें स्थान पर पश्चिम बंगाल का मुर्शिदाबाद जिला है।

पुरुषों के मुकाबले महिलाएं ज्यादा रुचि ले रहीं

अटल पेंशन योजना से जुड़ने में बालाघाट जिले में पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने अधिक रुचि दिखाई है। बालाघाट जिला 1000 पुरुषों पर 1021 महिलाओं के साथ लिंगानुपात में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। योजना के इस अभियान के अंतर्गत जिले में 9604 महिलाओं, 1320 पुरुषों एवं 1 ट्रांसजेंडर ने अपना पंजीयन कराया है। इस प्रकार अटल पेंशन योजना के अंतर्गत जिले में पंजीकृत कुल लोगों की संख्या 1 लाख 5 हजार 477 हो गई है। जिसमें 61 हजार 509 महिलाएं, 43 हजार 953 पुरुष और 15 ट्रांसजेडर शामिल है।

पांच हजार तक मिलती है पेंशन

अटल पेंशन योजना भारत सरकार की एक सामाजिक सुरक्षा योजना है, जो मुख्य रूप से असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए तैयार की गई है। यह योजना 1,000 रुपए से 5,000 रुपए तक की मासिक पेंशन देती है, जो 60 वर्ष की आयु के बाद मिलती है। इस योजना में अंशदान की राशि व्यक्ति की आयु और चुनी गई पेंशन राशि पर निर्भर करती है। योजना विशेष रूप से उन लोगों के लिए है, जो निजी क्षेत्र में काम करते हैं और जिनके पास रिटायरमेंट के लिए कोई औपचारिक पेंशन योजना नहीं है।



Source link