खरगोन में मोहर्रम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर में छोटे-बड़े मिलाकर करीब 100 ताजिए बनाए जा रहे हैं। प्रशासन ने मुस्लिम समाज के साथ मिलकर व्यवस्थाएं तय की हैं। मोहर्रम कमेटी के सदर काजिम अली सैयद के अनुसार 2 से 5 जुलाई तक शहर में अखाड़े निकलेंगे।
.
6 जुलाई की रात को मन्नत वाला ताजिया शहर का भ्रमण करेगा। अगली शाम मुल्लानवाडी क्षेत्र के ताजियों का विसर्जन कुंडा पर होगा। नगरपालिका कर्मचारी ताजिया विसर्जन के लिए अस्थाई कुंड का निर्माण कर रहे हैं। बिजली, पानी और सफाई की विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि जिले की सभी मोहर्रम कमेटियों के साथ बैठक की गई है। सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की गई है। ताजियों का जुलूस परंपरागत मार्ग से ही निकाला जाएगा। आखिरी तीन दिनों में होमगार्ड, पुलिस बल तैनात रहेगा।