जबलपुर में 19 साल की युवती ने की खुदकुशी: सुसाइड नोट में लिखा- ऋषभ से परेशान हो गई हूं, जीना मुश्किल कर दिया है – Jabalpur News

जबलपुर में 19 साल की युवती ने की खुदकुशी:  सुसाइड नोट में लिखा- ऋषभ से परेशान हो गई हूं, जीना मुश्किल कर दिया है – Jabalpur News



दो माह पहले जेल से छूटा है आरोपी ऋषभ सिंह।

जबलपुर में 19 साल की युवती ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना गोसलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात की है, जहां युवती अपने कमरे में फंदे पर लटकी हुई मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए

.

युवती ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें एक युवक ऋषभ सिंह परिहार द्वारा परेशान किए जाने का जिक्र है।

पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गोसलपुर थाना पुलिस की दो टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। युवती ने पहले भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

घर पर अकेली थी युवती

गोसलपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती के माता-पिता शनिवार को किसी काम से जबलपुर आए थे। भाई भी अपने काम से बाहर गया था, घर पर युवती अकेली थी। जब माता-पिता लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था।

उन्होंने काफी देर तक खटखटाया और बेटी को आवाज दी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। पिता ने बेटे को फोन कर तुरंत घर बुलाया। उसके आने के बाद घर के मुख्य द्वार का ताला काटा गया। अंदर जाने पर युवती के कमरे का दरवाजा बंद मिला। कई बार धक्का देने पर वह दरवाजा टूटकर खुल गया। जैसे ही उन्होंने अंदर देखा, युवती फंदे पर झूलती मिली। पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।

मैं परेशान होकर आत्महत्या कर रही हूं

आत्महत्या करने से पहले युवती ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। जिसमें लिखा है कि मैं राकेश सिंह के बेटे ऋषभ सिंह परिहार से बहुत परेशान हूं। उसने मुझे पिछले कई माह से परेशान कर रखा है। बहुत प्रताड़ित कर रहा है। उसे कई बार समझा चुकी हूं, ऐसा न करें। वह अपनी हरकत नहीं छोड़ रहा। मेरा घर से बाहर कदम रखना दूभर हो गया है। अब और बर्दाश्त नहीं कर सकती हूं। मैं आत्महत्या कर रह रही हूं। मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना।

परिवार के साथ गायब हुआ आरोपी

रविवार को जैसे ही कॉलोनी में पता चला कि युवती ने आत्महत्या कर ली है, जानकारी मिलते ही आरोपी ऋषभ अपने परिवार के साथ गायब हो गया। आत्महत्या के लिए मजबूर करने और परेशान करने की धाराओं के तहत गोसलपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि सुसाइड करने से कुछ देर पहले ही युवती ने माता-पिता से फोन पर बात की थी। बातचीत में ऐसा कुछ नहीं लगा था कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ समय पहले आरोपी ने घर में घुसकर युवती के साथ मारपीट भी की थी। युवती के परिजन ने इस बारे में आरोपी के माता-पिता को बताया था, इसके बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। अक्सर वह युवती को फोन कर परेशान किया करता था।

दो माह पहले जेल से छूटा था आरोपी

आरोपी ऋषभ सिंह के खिलाफ युवती ने जनवरी 2025 में छेड़खानी और परेशान करने की शिकायत गोसलपुर थाने में दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भिजवाया।

दो माह पहले ऋषभ जमानत पर छूटकर जेल से बाहर आया था, उसके बाद से वह लगातार उसे परेशान भी कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तालाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होगा।



Source link