Last Updated:
Ujjain School Timings: उज्जैन के स्कूलों में सावन महीने के दौरान रविवार का अवकाश नहीं होगा. बच्चों को अपने बस्ते लेकर स्कूल आना पड़ेगा. आइए जानते हैं इसके पीछे का कारण.
विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल की नगरी में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन लगा रहता है. सावन मास में भक्तों की संख्या और अधिक बढ़ जाती है. क्योंकि उज्जैन के राजा भगवान महाकाल अपने भक्तों को मंदिर परिसर से निकलकर दर्शन देते हैं. इस कड़ी मे महाकालेश्वर मंदिर समिति व जिला प्रशासन श्रद्धालु के सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लेती है.

महाकालेश्वर मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए समय बदलने का फैसला पहले ही ले लिया है. बता दें कि हर रविवार रात 2:30 बजे और बाकी दिनों में रात 3:00 बजे मंदिर के पट खुलेंगे. इसके बाद तुरंत भस्म आरती होगी. फिलहाल मंदिर सुबह 4:00 बजे खुलता है. इसी के साथ स्कूल पर भी असर देखने को मिलेगा.

सावन मास के पहले सोमवार 14 जुलाई को बाबा महाकाल प्रथम नगर भ्रमण पर निकलेंगे. इसको लेकर कक्षा पहली से 12वीं तक के स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है. लेकिन छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित ना हो. इसके लिए एक दिन पहले ही स्कूल लगेंगे. यानि कि बच्चों को रविवार को स्कूल जाना पड़ेगा.

श्रावण महीने में भगवान महाकाल की निकलने वाली सवारी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. दरअसल, सवारी में भीड़ को देखते हुए कई रास्ते बंद कर दिए जाते हैं.11 जुलाई से श्रावण का महीना शुरू हो रहा है. इस बार कुल छह सवारियां महाकाल मंदिर से निकलेंगी. सवारी वाले दिन सभी निजी और शासकीय स्कूलों की छुट्टी रहेगी. जबकि रविवार को स्कूल लगेंगे.

उज्जैन के राजा भगवान महाकाल जब नगर भर्मण पर सवारी में बैठ कर निकलते हैं, तो बाबा के दर्शन करने बड़ी संख्या में भक्त उज्जैन पहुंचते हैं. ऐसे में स्कूलों की बस भीड़ में फंस जाती है और बच्चे और श्रद्धालु परेशान होते हैं. इसको लेकर जिला प्रशासन ने फैसला किया है कि मंदिर से निकलने वाली 5 सवारी के दिन स्कूलों का अवकाश रहेगा. इसकी जगह एक दिन पहले रविवार को स्कूल लगेंगे.

उज्जैन जिले के कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह हम व्यवस्था करेंगे. इसमें भक्तों और स्कूल के बच्चों को कोई परेशानी नहीं होगी. इसको लेकर जल्द ही शिक्षा विभाग अलग से ऑर्डर जारी करेगा. जिसमें उज्जैन नगर निगम क्षेत्र के सभी निजी और सरकारी स्कूलों पर निर्णय लागू होगा.

बता दें कि भगवान इस बार भक्तों को 14 जुलाई से दर्शन देंगे. जिसमे पहली सवारी 14 जुलाई, दूसरी सवारी 21 जुलाई,तीसरी सवारी 28 जुलाई, चौथी सवारी 4 अगस्त, पांचवी सवारी 11 अगस्त को निकाली जाएगी. इन 5 सोमवार को स्कूलों की छुट्टी रहेगी. इससे एक दिन पहले रविवार को स्कूल खुलेंगे.

छठी सवारी जिसे राजसी सवारी कहा जाता है. यह सोमवार 18 अगस्त को निकलेगी. इस दिन स्थानीय अवकाश रहेगा. इसलिए रविवार को स्कूल नहीं लगाने पड़ेंगे. भगवान की सवारी उज्जैन के कई प्रमुख मार्ग से होते है. भक्तों को दर्शन देगी.