बावड़ी-तालाबों के संरक्षण का मिला पुरस्कार
मध्य प्रदेश के खंडवा में जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन कार्यक्रम सोमवार को आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बेहतर कार्य करने वाली नगरीय निकायों को सम्मानित किया।
.
एक लाख से कम आबादी वाली श्रेणी में टीकमगढ़ नगर पालिका को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान मिला। कलेक्टर विवेक श्रोतिय, नपा अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार और सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया को सम्मानित किया गया।
टीकमगढ़ में जल संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। 20 वर्षों बाद महेंद्र सागर तालाब के ओवरफ्लो पानी को वृंदावन तालाब तक पहुंचाने के लिए डेढ़ किलोमीटर लंबी नहर की सफाई की गई। नाले पर हुए अतिक्रमण को भी हटाया गया।
जन अभियान परिषद और परशुराम सेना के सदस्यों ने महेंद्र सागर तालाब के चौपरा घाट का कायाकल्प किया। परशुराम सेना के 25 सदस्यों ने तीन दिन में घाट को नया रूप दिया। इसका नाम अब परशुराम घाट रखा गया है।
राजशाही दौर की कलाकृतियों से सजी मऊचुंगी स्थित 172 सीढ़ियों वाली बावड़ी का संरक्षण किया गया। नगर पालिका ने जन सहयोग से बावड़ी की सफाई कराई, जिसमें बड़ी मात्रा में मलबा निकाला गया। इसके अलावा राजशाही काल के महेंद्र कूप की भी सफाई की गई।