पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर गांजे के पौधों से थाने ले गई।
निवाड़ी जिले में पुलिस ने पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के चिकटा गुलेंदा गांव में एक बुजुर्ग को गांजे की अवैध खेती करते पकड़ा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की।
.
आरोपी छक्की कुशवाहा अपने खेत में लंबे समय से गांजे की खेती कर रहा था। पृथ्वीपुर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर उसे पकड़ा।
खेत से बरामद गांजे के पौधों का कुल वजन 79 किलो है। इसकी कीमत लगभग 79,000 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने सभी छोटे-बड़े पौधों को जड़ सहित उखाड़कर जब्त कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस
एसडीओपी अतुल सोनी के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि वे गांवों में नशे के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। यह खेती न केवल गैरकानूनी है, बल्कि युवाओं के भविष्य को भी प्रभावित करती है।