सीआईडी दफ्तर के पास कच्चे मकान की दीवार गिरी: बंडा नहर में भरा बारिश का पानी, किनारे के मकानों में पड़ी दरारें – Tikamgarh News

सीआईडी दफ्तर के पास कच्चे मकान की दीवार गिरी:  बंडा नहर में भरा बारिश का पानी, किनारे के मकानों में पड़ी दरारें – Tikamgarh News


महेंद्र सागर तालाब से वृंदावन तालाब को जोड़ने वाली बंडा नहर में बारिश का पानी भर गया है। नहर में कुछ स्थानों पर अभी भी अवैध कब्जा बना हुआ है। इससे पानी की निकासी बाधित हो रही है।

.

नहर में पानी भरने से आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं। स्थानीय निवासियों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने जिला प्रशासन से नहर की सफाई की मांग की है।

गर्मियों में जिला प्रशासन ने नहर की सफाई कराई थी। तहसीलदार के नोटिस के बाद अधिकतर लोगों ने अपने पक्के निर्माण स्वयं हटा लिए थे। नगर पालिका ने जेसीबी से नहर की सफाई की थी। लेकिन कुछ जगहों पर अभी भी पक्का स्लैब डाला हुआ है।

स्थानीय निवासी सावित्री देवी, जमुना प्रसाद और सुरेश रैकवार ने बताया कि अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। लगातार हो रही बारिश से मकान गिरने का खतरा बढ़ गया है।

आज सुबह 10 बजे पुराना डाकखाना के पास सीआईडी दफ्तर के बगल में एक कच्चे मकान की दीवार गिर गई। दीवार का कुछ हिस्सा सड़क पर गिरा। हादसे के समय सड़क पर कोई नहीं था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।

नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया ने कहा है कि नहर से अवैध कब्जा हटाने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं।



Source link