मंगलवार को हनुमान चौक धोबी घाट मैदान रक्षा समिति के बैनर तले लोगों ने प्रदर्शन किया था।
इंदौर के लालबाग के पास नगर निगम की जमीन पर तीन दिन मेले की अनुमति पर कर्बला मैदान लिखे जाने की भूल को नगर निगम ने सुधार लिया है। नगर निगम ने इसे लेकर संशोधित लेटर जारी किया। जिसमें लिखा है कि त्रुटि वश धोबी घाट मैदान की जगह कर्बला मैदान अंकित हो गया
.
बता दें कि मंगलवार को नगर निगम की जमीन पर मेले की अनुमति और स्लिप पर मेले के स्थान के कर्बला मैदान लिखने पर हनुमान चौक धोबी घाट मैदान रक्षा समिति के बैनर तले लोगों ने प्रदर्शन किया था। उन्होंने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की थी। साथ ही इस बात पर आपत्ति ली थी कि जब ये जगह नगर निगम को मिल चुकी है तो मेले की अनुमति देने में कर्बला मैदान क्यों लिखा गया। प्रदर्शन करने वालों ने आगे भी प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।
नगर निगम ने जारी किया संशोधित पत्र।
निगम ने सुधारी भूल
इस मामले में बुधवार को नगर निगम की तरफ से एक संशोधित पत्र जारी किया गया है। जिसमें लिखा है कि मोहर्रम के पर्व पर 6 जुलाई से 8 जुलाई तक निगम स्वामित्व धोबीघाट मैदान की पूरी भूमि में से केवल 3 एकड़ खुली जमीन मोहर्रम मेला लगाने और मोहर्रम के ताजिए ठंडे किए जाने की अनुमति जारी की गई थी। उक्त जारी अनुमति में मेला स्थान त्रुटि के कारण धोबी घाट मैदान के स्थान पर कर्बला मैदान अंकित हो जाने से उक्त अनुमति में मेला स्थान व ताजिए ठंडे करने के स्थान को धोबी घाट मैदान पढ़ा जाए। अनुमति पत्र में शेष शर्तें पूर्वानुसार रहेगी।
धोबीघाट मैदान का स्वामित्व नगर निगम के पास
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि अदालत के निर्णय के बाद धोबीघाट मैदान का स्वामित्व अब नगर निगम के पास है और इस भूमि का उपयोग नगर निगम के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाएगा। इस निर्णय से मेले आयोजकों को एक स्पष्ट प्रक्रिया का पालन करना होगा।
ज्ञात हो कि इंदौर के वर्षों पुराने विवाद और लंबे कानूनी संघर्ष के बाद धोबीघाट मैदान की 6.70 एकड़ जमीन पर इंदौर नगर निगम ने अपना स्वामित्व स्थापित किया है। यह निर्णय जिला न्यायालय ने सितंबर 2024 में सुनाया, जिसमें नगर निगम को धोबीघाट भूमि का वैध मालिक घोषित किया गया।