सागर के नए कमिश्नर अनिल सुचारी और पीडब्ल्यूडी के नए प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह।
राज्य शासन ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह को लोक निर्माण विभाग में दोबारा प्रमुख सचिव पदस्थ किया है। इसके पहले भी वे इस विभाग के प्रमुख सचिव रह चुके हैं। दूसरी ओर तीस जून को रिक्त हुए सागर संभागायुक्त के पद की जिम्मेदारी अनिल सुचारी को सौंपी
.
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संजीव कुमार झा सदस्य राजस्व मंडल अब नए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी होंगे। इसी के साथ वर्तमान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी होंगे।
भारत निर्वाचन आयोग की सहमति से इन दोनों ही अफसरों को पदस्थ करने को लेकर फैसला पिछले माह ही हो गया था लेकिन सरकार ने इसके आदेश अब जारी किए हैं। सुखवीर सिंह के जॉइन करने के बाद ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई लोक निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।
इनके भी काम बदले
- इसी आदेश में सचिव तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास व रोजगार विभाग रघुराज एमआर को सचिव श्रम विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सचिव सामान्य प्रशासन विभाग अनिल सुचारी को आयुक्त सागर संभाग पदस्थ किया गया है।
- जीएडी के आदेश के मुताबिक सचिव मप्र मानव अधिकार आयोग की जिम्मेदारी निभा रहे प्रमुख सचिव मुकेश चंद्र गुप्ता को राजस्व मंडल सदस्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव विवेक पोरवाल को प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- उमाकांत उमराव प्रमुख सचिव खनिज साधन और श्रम विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार पशुपालन और डेयरी विभाग रघुराज एमआर के जॉइन करने के बाद प्रमुख सचिव श्रम विभाग के दायित्व से मुक्त होंगे। उनके पास पशुपालन और डेयरी विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा।