Last Updated:
Bageshwar Dham birthday: छतरपुर के बागेश्वर धाम में आरती के दौरान टेंट गिरने से बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई जबकि लगभग 8 लोग घायल हो गए.
बागेश्वर धाम गढ़ा परिसर में श्रद्धालु की मौत
दरअसल, गुरुवार सुबह बारिश हो रही थी, जिसके चलते बाबा बागेश्वर के भक्त टिन शेड के नीचे खड़े थे. इसी दौरान शेड गिरा तो भगदड़ मच गई और तमाम लोग नीचे गिर गए. इसी दौरान उत्तर प्रदेश के बस्ती जिला निवासी राजेश कौशल के ससुर श्यामलाल कौशल की मौत हो गई. उनके शव को पोस्टमार्टम के जिला अस्पताल भेज दिया गया है. वहीं, सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
राजेश ने बताया कि वह और परिवार के 6 सदस्य बुधवार की रात को अयोध्या से बागेश्वर धाम पहुंचे थे. शुक्रवार 4 जुलाई को धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का जन्मदिन है. इसलिए वे गुरुवार सुबह उनके दर्शन करने के लिए पहुंचे थे. राजेश ने बताया कि टिन शेड से निकला लोहे का एंगल उनके ससुर श्यामलाल कौशल के सिर में लगा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में राजेश, सौम्या, पारुल, उन्नति समेत 8 घायल हुए हैं. वहीं जिला अस्पताल के डॉ. नरेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक को बागेश्वर धाम से लाया गया था और परिजनों ने टेंट गिरने से हादसा होने की बात कही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
धीरेंद्र शास्त्री के जन्मदिन के लिए सजा गढ़ा गांव
बता दें, बुंदेलखंड के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम पर चार जुलाई को हजारों की संख्या में देश विदेश के श्रद्धालु जुटेंगे. क्योंकि चार जुलाई को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री का जन्मदिन है और चार जुलाई से गुरुपूर्णिमा तक धाम पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे. यही कारण है कि धाम को खूबसूरती के साथ सजाया जा रहा है. पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री 1 जुलाई से 3 जुलाई तक बालाजी का दिव्य दरबार लगाएंगे. गुरु पूर्णिमा और जन्मोत्सव को लेकर देश विदेश के 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। इस आयोजन को लेकर गढ़ा गांव में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को ही श्रद्धालु धाम पर पहुंचना शुरू हो गए थे.
श्रद्धालुओं को मिलेगा गुरुमंत्र
वहीं बता दें कि 7 और 8 जुलाई को आयोजित होने वाले गुरु दीक्षा महोत्सव के अंतर्गत हजारों श्रद्धालुओं और शिष्यों को गुरुमंत्र देकर उन्हें दीक्षित करेंगे.