नाबालिग को लेकर महिला फरार: 8 साल का बेटा मां के पास छोड़ गई – Bhopal News

नाबालिग को लेकर महिला फरार:  8 साल का बेटा मां के पास छोड़ गई – Bhopal News


गौतम नगर से चार दिन पहले लापता हुए नाबालिग (17 साल 10 महीने) का मामला उलझ गया है। परिजनों ने 32 साल की महिला पर नाबालिग के अपहरण का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि महिला ने नाबालिग को जाल में फंसाया और उससे जबरन शादी करना चाहती है।

.

उसने हाथ की नस काटने की धमकी दी थी और घर आकर हंगामा भी कर चुकी है। लापता होने वाली रात नाबालिग उस महिला से मिलने की कहकर निकला था। इसके बाद से महिला भी गायब है और दोनों के मोबाइल बंद हैं।

थाना प्रभारी महेंद्र ठाकुर ने बताया कि महिला 8 साल के बेटे को मां के घर छोड़कर गई है। उसने मां के मोबाइल पर मैसेज भेजा है, जिसमें लिखा है कि वह अच्छा-बुरा समझती है। जिंदगी उसे जीनी है, इसका फैसला वह खुद करेगी। उसने अपने बच्चे का ख्याल रखने की बात कही है। इस आधार पर पुलिस मान रही है कि नाबालिग और महिला साथ हैं।

काउंसलिंग की बात कही, उसी रात लापता

पुलिस के मुताबिक, 30 जून को परिजन शिकायत लेकर थाने आए थे। उनसे अगले दिन नाबालिग की काउंसलिंग कराने की बात कही थी। थाने से घर पहुंचते ही नाबालिग महिला से मिलने की कहकर निकला। उसके बाद नहीं लौटा। जानकारी करने पर पता चला कि महिला भी गायब है।

इसके बाद से दोनों के फोन बंद आ रहे हैं। पुलिस लोकेशन ट्रेस कर रही है। इस बीच महिला के परिजन कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे। पुलिस को पहले से इस मामले की जानकारी थी। महिला पर संदेह है। इसलिए महिला के परिजनों की शिकायत को होल्ड पर रखा गया है।

दुकान पर काम करते थे

नाबालिग और महिला एक दुकान पर काम करते थे। इस बीच दोनों की नजदीकियां बढ़ीं। 32 साल की महिला के पति की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। नाबालिग और महिला की नजदीकियों की खबर लगने पर परिजनों ने नाबालिग का काम छुड़वा दिया था। इसके बाद भी महिला उसके संपर्क में रही।

वीडियो भी सामने आए

नाबालिग के घर पहुंचकर हंगामा करने वाली महिला का वीडियो सामने आया है। इसमें दोनों ओर से विवाद होते देखा जा सकता है। परिजनों का कहना है कि उस समय थाने में शिकायत नहीं की गई थी। पुलिस दोनों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



Source link