- Hindi News
- Sports
- Cricket
- Mohammed Siraj; India Vs England 2nd Test Records Moments | Prasidh Krishna Jack Crowley Ben Duckett
बर्मिंघम7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बर्मिंघम टेस्ट में भारत को पहली पारी में 180 रन की बढ़त मिल गई। टीम ने 587 रन के जवाब में इंग्लैंड को 407 रन पर समेट दिया। इंडियन कैप्टन शुभमन गिल को कैच लेने की कोशिश में सिर पर बॉल लग गई। इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स टेस्ट करियर में पहली बार पहली गेंद पर आउट (गोल्डन डक) हुए।
जैमी स्मिथ ने महज 80 गेंद पर सेंचुरी लगा दी, उन्होंने हैरी ब्रूक के साथ छठे विकेट के लिए 303 रन की पार्टनरशिप भी की। मोहम्मद सिराज ने 2 गेंद पर लगातार 2 विकेट लिए। वहीं भारतीय फील्डर्स ने 2 आसान कैच छोड़े।
तीसरे दिन के मोमेंट्स और रिकॉर्ड्स…
1. बेन स्टोक्स का पहला गोल्डन डक इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स पहली ही गेंद पर कॉट बिहाइंड हो गए। उन्हें मोहम्मद सिराज ने बाउंसर फेंक कर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। 113 टेस्ट के करियर में स्टोक्स 16वीं बार जीरो पर आउट हुए, लेकिन पहली बार ही किसी बॉलर ने उन्हें पहली गेंद पर पवेलियन भेजा।
टेस्ट क्रिकेट में बगैर गोल्डन डक के सबसे ज्यादा पारियां खेलने का रिकॉर्ड भारत के राहुल द्रविड़ के नाम हैं। जो 286 पारियों बाद गोल्डन डक हुए थे।

2. जैमी स्मिथ ने 80 बॉल पर शतक लगाया इंग्लैंड के विकेटकीपर बैटर जैमी स्मिथ ने महज 80 गेंद पर शतक लगा दिया। यह इंग्लैंड से चौथा सबसे तेज टेस्ट शतक रहा। फास्टेस्ट सेंचुरी का रिकॉर्ड गिल्बर्ट जेसप के नाम है, जिन्होंने 1902 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 76 गेंद पर सेंचुरी लगा दी थी।

3. ब्रूक ने सबसे तेज 2500 रन बनाए इंग्लैंड से हैरी ब्रूक ने भी शतक लगाया, उन्होंने 158 रन की पारी खेली। इस इनिंग के साथ उनके 2500 टेस्ट रन भी पूरे हो गए। उन्होंने इतने रन सबसे कम गेंदों में पूरे कर लिए। ब्रूक ने 2500 टेस्ट रन बनाने के लिए महज 2832 गेंदें खेलीं।

4. इंग्लिश विकेटकीपर का सबसे बड़ा स्कोर जैमी स्मिथ 184 रन बनाकर नॉटआउट रहे। यह इंग्लैंड के किसी भी विकेटकीपर बैटर का टेस्ट में सबसे बड़ा स्कोर है। उन्होंने एलीस स्टीवर्ट का 28 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1997 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 173 रन बनाए थे।

5. भारत के खिलाफ छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप जैमी स्मिथ और हैरी ब्रूक ने छठे विकेट के लिए 303 रन की पार्टनरशिप की। यह इंग्लैंड से भारत के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। इंग्लैंड से भारत के खिलाफ छठे विकेट के लिए यह सबसे बड़ी पार्टनरशिप रही। ब्रूक-स्मिथ ने जॉनी बेयरस्टो और क्रिस वोक्स का रिकॉर्ड तोड़ा। दोनों ने 2018 में लॉर्ड्स स्टेडियम में 189 रन जोड़े थे।

6. 11 साल बाद भारत के खिलाफ 300+ रन की पार्टनरशिप भारत के खिलाफ टेस्ट में 11 साल बाद किसी भी विकेट के लिए 300 से ज्यादा रन की पार्टनरशिप हुई। 2014 में आखिरी बार न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्कुलम और बीजे वाटलिंग ने छठे विकेट के लिए ही 352 रन जोड़े थे। भारत के खिलाफ टेस्ट में 12वीं बार 300 से ज्यादा रन की पार्टनरशिप हुई।

7. कप्तान गिल के नाम अनचाहा रिकॉर्ड शुभमन गिल भारत के 7वें ही कप्तान बने, जिनके खिलाफ किसी टीम से प्लेयर्स ने 300 प्लस रन की पार्टनरशिप की। उनके अलावा सुनील गावस्कर, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ की कप्तानी में भी 1-1 बार भारत के खिलाफ 300 प्लस रन की पार्टनरशिप हुई। एमएस धोनी इकलौते कप्तान रहे, जिनके खिलाफ 6 बार 300 प्लस रन की पार्टनरशिप हुई।

8. इंग्लैंड के 6 बैटर खाता नहीं खोल सके इंग्लैंड ने हैरी ब्रूक के 158 और जैमी स्मिथ के 184 रन की मदद से 407 रन बना दिए। इन 2 के अलावा जैक क्रॉली, जो रूट और क्रिस वोक्स ही पारी में खाता खोल सके। बाकी 6 बैटर्स 1 रन भी नहीं बना सके। इंग्लैंड की पारी में पहली बार 6 बैटर खाता नहीं खोल सके। इससे पहले 4 बार 5-5 बैटर खाता नहीं खोल पाए थे।

9. नंबर-7 बैटर का भारत के खिलाफ बेस्ट स्कोर इंग्लैंड से नंबर-7 पर बैटिंग करने उतरे जैमी स्मिथ ने 184 रन की नॉटआउट पारी खेली। यह नंबर-7 या उससे नीचे बैटिंग करते हुए भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है। स्मिथ ने न्यूजीलैंड के ईयन स्मिथ का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1990 में 173 रन बनाए थे।

10. यशस्वी सबसे तेज 2000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय यशस्वी जायसवाल ने पहली पारी में 87 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में 28 रन बनाए। इसी के साथ उनके 2 हजार टेस्ट रन भी पूरे हो गए। इसके लिए उन्होंने महज 40 पारियां लीं। वे 2 हजार टेस्ट रन पूरे करने वाले भारत के सबसे तेज बैटर बने। उन्होंने राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग की बराबरी की। दोनों ने भी 40-40 पारियों में 2 हजार टेस्ट रन पूरे किए थे।

टॉप मोमेंट्स…
1. सिराज ने लगातार 2 विकेट लिए तीसरे दिन भारत के मोहम्मद सिराज ने अपने पहले ही ओवर में लगातार 2 गेंद पर 2 विकेट झटक लिए। उन्होंने 22वें ओवर की तीसरी गेंद जो रूट को लेग स्टंप की ओर फेंकी और उन्हें विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच करा दिया। सिराज ने अगली बॉल बाउंसर फेंकी और बेन स्टोक्स को भी पंत के हाथों कैच करा दिया। मुकाबले के दूसरे दिन आकाशदीप ने भी लगातार 2 विकेट लिए थे।

मोहम्मद सिराज ने 1 ही ओवर में जो रूट और बेन स्टोक्स को पवेलियन भेजा।
2. प्रसिद्ध ने 23 रन का ओवर फेंका प्रसिद्ध कृष्णा ने जैमी स्मिथ के खिलाफ एक ही ओवर में 23 रन खर्च कर दिए। स्मिथ ने उनके खिलाफ 4 चौके और 1 छक्का लगाया। प्रसिद्ध ने इस ओवर में 1 वाइड भी फेंकी। उन्होंने अपने 13 ओवर के स्पेल में 5.50 की इकोनॉमी से 72 रन खर्च किए। प्रसिद्ध कोई विकेट भी नहीं ले सके।

जैमी स्मिथ ने प्रसिद्ध कृष्णा के ओवर में 4 चौके और 1 छक्का लगाया।
3. शुभमन ने कैच छोड़ा, सिर पर बॉल लगी इंग्लैंड की बैटिंग में 37वें ओवर के दौरान शुभमन गिल ने आसान कैच छोड़ दिया और गेंद उनके सिर पर जा लगी। ओवर की दूसरी बॉल रवींद्र जडेजा ने गुड लेंथ पर फेंकी। हैरी ब्रूक ड्राइव करने गए, लेकिन बॉल फर्स्ट स्लिप में गिल के पास चली गई। शुभमन के हाथ देरी से बॉल तक पहुंचे, तब तक गेंद उनके सिर पर जा लगी। जीवनदान के वक्त ब्रूक के 63 ही रन थे, उन्होंने 158 रन बना दिए।

सिर पर गेंद लगने के बाद शुभमन गिल को चेक करते टीम फिजियो।
4. पंत ने स्मिथ का कैच छोड़ा 54वें ओवर में ऋषभ पंत ने जैमी स्मिथ का कैच छोड़ दिया। ओवर की पहली बॉल नीतीश कुमार रेड्डी ने ऑफ स्टंप के बाहर फुलर लेंथ फेंकी। स्मिथ ड्राइव करने गए, लेकिन गेंद बैट के बाहरी किनारे से लगकर विकेटकीपर की ओर चली गई। पंत ने डाइव लगाई, लेकिन गेंद उनके हाथ से छूट गई। जीवनदान के वक्त स्मिथ 121 रन पर थे, उन्होंने 184 रन बना दिए।

ऋषभ पंत ने जैमी स्मिथ का कैच छोड़ा।
5. सिराज को रिव्यू के कारण विकेट मिला मोहम्मद सिराज ने 88वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ब्रायडन कार्स को LBW किया। सिराज ने गुड लेंथ पर इनस्विंगर फेंकी। गेंद कार्स के पैड्स पर लगी, सिराज ने अपील की, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। भारत ने रिव्यू लिया, रिप्ले में नजर आया कि गेंद स्टंप्स को लग रही है। अंपायर ने अपना फैसला बदला और सिराज को विकेट मिल गया।

मोहम्मद सिराज ने 6 विकेट लिए।
6. बशीर के हेलमेट पर लगा सिराज का बाउंसर 90वें ओवर में मोहम्मद सिराज की बाउंसर शोएब बशीर के हेलमेट पर लगी। सिराज ने ओवर की दूसरी बॉल बाउंसर फेंकी, बशीर बैट अड़ाने गए, लेकिन गेंद सीधे उनके हेलमेट पर लग गई। अगली ही गेंद पर सिराज ने बशीर को बोल्ड कर दिया।

बाउंसर लगने के बाद शोएब बशीर अगली ही गेंद पर आउट हो गए।