बालाघाट जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में चोरी की घटना सामने आई है। सोमवार रात को एक चोर ने दवा स्टोर रूम से फैक्टर-8 इंजेक्शन के 43 डब्बे चुरा लिए। इन इंजेक्शन की कीमत लगभग 8 लाख रुपए है।
.
सीसीटीवी फुटेज में चोर को हमालों के साथ इंजेक्शन के डब्बे ले जाते देखा गया। महिला मनोरमा नागेश्वर और एक गार्ड ने चोर को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन चोर ने उन्हें वाहन से घसीटते हुए धक्का दिया और फरार हो गया।
फैक्टर-8 इंजेक्शन के चार कार्टून चुराए
सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन ने बताया कि चोर ने स्टोर रूम का ताला खोलकर फैक्टर-8 इंजेक्शन के चार कार्टून चुरा लिए। फैक्टर-8 एक महंगा इंजेक्शन है जो जन्मजात रक्त स्राव विकार वाले मरीजों को दिया जाता है।
डॉ. जैन के अनुसार, चोर की कार्यप्रणाली से लगता है कि वह अस्पताल का जानकार है। उसने गार्ड को स्टाफ बताकर अंदर प्रवेश किया और सीधे स्टोर रूम पहुंचकर विशेष इंजेक्शन के डब्बे चुराए।
अस्पताल प्रबंधन ने मंगलवार को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं पुलिस सूत्रों की मानें तो मामले में पुलिस ने उस ऑटो चालक और इंजेक्शन ले जाने वाले व्यक्ति को भी पकड़ लिया है, वहीं औद्योगिक नगरी में चोरी किए गए इंजेक्शन के डब्बों को ले जाने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।