कलेक्टर अर्पित वर्मा की जनसुनवाई में 211 आवेदन, कई को मौके पर राहत मिली
श्योपुर जिला मुख्यालय पर मंगलवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई में कुल 211 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों में मौके पर ही त्वरित राहत प्रदान की गई।
.
इलाज के लिए बाहर जाने वाले तीन जरूरतमंद हितग्राही महावीर बैरवा, शिशुपाल बैरवा और रामपाल सिंह को रेडक्रॉस से दो-दो हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई, ताकि वे मार्ग व्यय वहन कर सकें। साथ ही उन्हें बताया गया कि उनका इलाज आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निशुल्क किया जाएगा।
ग्राम गांधीनगर प्रेमसर की महिलाओं ने पेयजल संकट को प्रमुखता से उठाया। इस पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अगले ही दिन तक नई मोटर लगाकर जल आपूर्ति शुरू की जाए।
जनसुनवाई के दौरान हरी सिंह गुर्जर को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई। वहीं, मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत पांच हितग्राहियों को दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत हुई।
ग्राम भसुन्दर की आशा बैरवा के तीन बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए, जिससे उनके शिक्षा और पोषण में मदद मिल सके।
इसी क्रम में ग्राम रामपुरा सेमल्दा हवेली निवासी गुड्डी बाई आदिवासी को आवास योजना की प्रथम किस्त तत्काल जारी की गई, ताकि वह अपने पक्के मकान के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा सके।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर आवेदन पर गंभीरता से विचार किया जाए और संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को समय पर राहत मिल सके।
इस जनसुनवाई कार्यक्रम में एसडीएम बीएस श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु ठोस पहल की गई।