Last Updated:
Sagar Weather Update Today: सागर में सुबह 3 बजे से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सुबह 8 बजे तक चलता रहा. 6 घंटे हुई झमाझम बारिश में करीब 163 mm से अधिक बारिश रिकार्ड की गई है. मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित बंडा तहसील में भयंकर बारिश हुई.
सागर सहित पूरे बुंदेलखंड में मानसून सिस्टम सक्रिय होने की वजह से कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होने का सिलसिला जारी है. मंगलवार को सुबह 3:00 से 8:00 तक बारिश होती रही, जिसमें सबसे अधिक बंडा गढ़ाकोटा और रहली क्षेत्र प्रभावित हुए. अब अगले तीन दिन के लिए ऐसी ही भारी बारिश का अलर्ट है.

पिछले तीन दिन से हो रही लगातार बारिश की वजह से अब नदी नाले भी पानी से लबालब भर गए हैं. ऐसे ही सागर का प्रसिद्ध राहतगढ़ वाटरफॉल भी शबाब पर आ गया है. हरी वादियों के बीच खूबसूरत झरने को देखने के लिए पर्यटक भी पहुंचने लगे हैं.

सागर की सीमाओं से लगे दमोह रायसेन विदिशा अशोकनगर नरसिंहपुर जिले में कहीं-कहीं पर भारी बारिश अलर्ट जारी किया है. इसमें 64 से 115 मिली लीटर बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग ने 8 और 9 जुलाई को भी तेज हवाएं चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई हैं. लोगों से बारिश होने के दौरान सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की है.

सागर की देवरी क्षेत्र में एक बड़ी दुर्घटना भी देखने को मिली. आकाशीय बिजली गिरने से सुजानपुर ग्राम पंचायत के सरपंच सुरजीत सिंह लोधी (गुड्डू) की मौत हो गई. वह अपने खेत से घर लौट रहे थे, जहां रास्ते में आकाशीय बिजली के प्रकोप का शिकार हो गए.

सोमवार की सुबह 8:30 से मंगलवार की सुबह 8:30 बजे तक जिला मुख्यालय पर करीब 1 इंच बारिश हुई, जबकि यहां से 30 किलोमीटर दूर गढ़ाकोटा में 3 इंच और बंडा में 6 इंच बारिश दर्ज की गई.

शाम को बारिश होने के बाद रोजाना शहर की खूबसूरत लाखा बंजारा झील के किनारे लोग मौसम का लुत्फ उठाने के लिए सैकड़ो की संख्या में पहुंचे रहे हैं. एलिवेटेड कॉरिडोर से झील की लहरों का आनंद ले रहे हैं. झील में पैदल बोट, मोटर बोट और क्रूज पर इंजॉय कर रहे हैं.

सागर के प्रभारी अधिकारी मौसम साइंटिस्ट विवेक छलोत्रे ने बताया कि संभाग में अगले 48 घंटे बंगाल की खाड़ी वाला सिस्टम एक्टिव होने से झमाझम बारिश होने की संभावना है. वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम सक्रिय होने से पूरे जुलाई में माध्यम से तेज बारिश देखने को मिल सकती है.