रतलाम में 65 वर्षीय बुजुर्ग ने पीया कीटनाशक, मौत: बेटा बोला- 3.50 लाख का होम लोन लिया था, फाइनेंस कंपनी वाले परेशान कर रहे थे – Ratlam News

रतलाम में 65 वर्षीय बुजुर्ग ने पीया कीटनाशक, मौत:  बेटा बोला- 3.50 लाख का होम लोन लिया था, फाइनेंस कंपनी वाले परेशान कर रहे थे – Ratlam News



रतलाम में गुरुवार को एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। मृतक के बेटे ने आरोप लगाया है कि प्राइवेट फाइनेंस कंपनी द्वारा उनके पिता को परेशान किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि इस मामले में कोर्ट से स्टे ऑर्डर भी प्राप्त किया गया था, फ

.

पोते-पोती के सामने पिया जहर

महेश नगर स्थित नारायण पहलवान की चाल निवासी भेरूलाल चावड़ा (65) पुत्र बालाराम चावड़ा ने गुरुवार को कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। वह गैस एजेंसी में हम्माली का काम करता था। बेटे अशोक चावड़ा ने बताया कि वह साक्षी पेट्रोल पंप के पास हार-फूल की दुकान लगाते हैं।

गुरुवार सुबह वह अपनी पत्नी जया के साथ दुकान पर थे। सुबह 11 बजे उनके पिता दुकान पर आए और बाइक लेकर घर चले गए। उस समय घर पर उनकी 8 वर्षीय पोती आराध्या और 5 वर्षीय पोता श्रेयांस मौजूद थे। कुछ देर बाद जब अशोक की पत्नी जया खाना बनाने घर गईं, तो उन्हें घर में कुछ अजीब गंध महसूस हुई।

हॉल में जाकर देखा तो भेरूलाल बेसुध पड़े थे और पास में एक कीटनाशक का पैकेट पड़ा था। जया ने तुरंत अशोक को सूचित किया। अशोक ने रिक्शे से अपने पिता को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान दोपहर 2:50 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

होम लोन वाले कर रहे थे परेशान

बेटे अशोक ने बताया कि उनके पिता ने 2019 में घर बनाने के लिए फाइव स्टार प्राइवेट फाइनेंस कंपनी से 3.50 लाख रुपए का होम लोन लिया था। अब तक वे 3 लाख 30 हजार रुपए चुका चुके थे, लेकिन ब्याज के साथ कुल बकाया राशि लगभग 7 लाख रुपए हो गई थी।

अशोक ने बताया कि लोन सेटलमेंट को लेकर कोर्ट में केस चल रहा था और उन्होंने स्टे ऑर्डर भी प्राप्त कर रखा था। फिर भी कंपनी के लोग लगातार आकर परेशान कर रहे थे। कुछ दिन पहले कंपनी की ओर से वकील भी आए थे।

अशोक ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी कि एक साथ पूरी राशि जमा करा सकें। इसी कारण कोर्ट से स्टे लिया था। लेकिन पिता इन सब बातों को लेकर तनाव में थे।

जांच कर रही पुलिस

मृतक का पीएम शुक्रवार को हुआ। थाना औद्योगिक क्षेत्र ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। पुलिस का कहना है जांच में जो भी तथ्य आएंगे। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link