पुलिस ने तस्कर देवर-भाभी को गिरफ्तार कर लिया है।
कटनी के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। एनएच-30 बाईपास पर पुलिस ने एक महिला को 10 किलो गांजा के साथ पकड़ा है।
.
एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान भेड़ा चौराहा पर एक महिला काले रंग के ट्रॉली बैग के साथ खड़ी थी। पुलिस को देखकर वह भागने लगी। पुलिस ने उसे रोककर राहगीरों की मौजूदगी में तलाशी ली।
देवर ने बेचने के लिए दिया था गांजा
पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान संतोषी लुनिया के रूप में बताई। वह ग्राम छपरा, थाना स्लीमनाबाद की रहने वाली है। महिला ने बताया कि ट्रॉली बैग में रखा 10 किलो गांजा उसके देवर सुनील लुनिया ने बेचने के लिए दिया था।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए देवर सुनील लुनिया को भी गांव छपरा से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।