मध्य प्रदेश के सागर के उद्यानिकी विभाग के उप-संचालक डॉ पीएस बडोले ने लोकल 18 को बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन में फल क्षेत्र विस्तार योजना के तहत पात्र किसानों को 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है. पपीता, इमली, जामुन, बेल, बेर, कटहल, आमला, आम, अमरूद, लीची ,नींबू, अनार आदि फलों का बगीचा लगाने के लिए सरकारी मदद के रूप में लागत का 40 फीसदी अनुदान दिया जा रहा है, जो किसानों को दो किस्तों (60:40 अनुपात) में मिलेगा.
कितनी है एक हेक्टेयर की लागत?
उन्होंने कहा कि बगीचा लगाने के लिए एक हेक्टेयर में करीब 75 हजार रुपये से लेकर सवा लाख रुपये तक की लागत आती है. इसमें 30 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक की सब्सिडी उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को दी जा रही है. प्रत्येक हितग्राही दो हेक्टेयर तक की योजना का लाभ ले सकता है, जिसमें अगर वह ढाई लाख रुपये की यूनिट लगाता है, तो उसके लिए एक लाख रुपये का अनुदान सरकार की तरफ से मिलेगा. उसे पहली किस्त के तौर पर 60 हजार रुपये और दूसरी किस्त में 40 हजार रुपये दिए जाएंगे.
कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
उन्होंने आगे कहा कि आवेदन के लिए https://mpfsts. mp.gov.in/mphd/#/new-application लिंक पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं. रजिस्ट्रेशन के लिए पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी, खसरा की नकल, आधार कार्ड, एससी-एसटी वर्ग के लिए जाति प्रमाण-पत्र और मोबाइल नंबर जरूरी है.