करीब दो घंटे के विरोध प्रदर्शन के बाद कचरा वाहन मौके पर पहुंचा, तब मामला शांत हुआ।
खरगोन के बिष्टान नाका क्षेत्र में स्थित वार्ड 31 में पिछले 10 दिनों से कचरा कलेक्शन नहीं हो रहा है। मंगलवार शाम को क्षेत्र की 60 से अधिक महिलाएं कचरे की समस्या से परेशान होकर इकट्ठी हो गईं।
.
महिलाओं ने शाम 5 बजे वार्ड पार्षद भागीरथ बडोले को बुलाया और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की। महिलाओं ने पार्षद को करीब एक घंटे तक रोके रखा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तत्काल कचरा वाहन नहीं आया तो वे सड़क पर कचरा फेंक देंगी।
स्थानीय निवासी अंजना मंडलोई ने बताया कि कचरा जमा होने से मच्छर और कीड़े पनप रहे हैं, जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। पार्षद बडोले ने स्थिति को समझते हुए नगरपालिका के सफाई विभाग को सूचित किया। उन्होंने बताया कि इस समस्या को पहले भी सीएमओ के संज्ञान में लाया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
करीब दो घंटे के विरोध प्रदर्शन के बाद कचरा वाहन मौके पर पहुंचा। सभी रहवासियों ने अपना कचरा वाहन में डाला, इसके बाद मामला शांत हुआ। महिलाओं ने पार्षद से मांग की कि कचरा कलेक्शन की व्यवस्था नियमित होना चाहिए।