लंदन3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भारतीय मेंस और विमेंस क्रिकेट टीम किंग चार्ल्स III के साथ फोटो सेशन में।
भारतीय मेंस और विमेंस क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के राजा किंग चार्ल्स III से सेंट जेम्स पैलेस में मुलाकात की। भारत इस समय इंग्लैंड के दौरे पर है जहां 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। इंग्लैंड फिलहाल 2-1 से आगे है। उन्होंने दूसरा (लॉर्ड्स) टेस्ट 22 रन से जीता।
इस खास मुलाकात में कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, और मुख्य कोच गौतम गंभीर भी मौजूद थे। टीम को क्लैरेंस हाउस गार्डन में किंग चार्ल्स III से मिलवाया गया, जहां उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत की।
इस खास मौके पर सभी खिलाड़ियों के साथ किंग चार्ल्स ने फोटो सेशन भी किया। मुलाकात पर कप्तान गिल ने कहा, किंग चार्ल्स III ने हमें बुलाया यह हमारे लिए सम्मान की बात है।
किंग चार्ल्स III से मुलाकात की 3 फोटोज…

भारतीय कप्तान शुभमन गिल से मिलते हुए किंग चार्ल्स III।

BCCI वाइस प्रेजिडेंट राजीव शुक्ला और सचिव देवजीत सैकिया से मिलते हुए किंग चार्ल्स III।

किंग चार्ल्स III तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से बातचीत करते हुए।
किंग चार्ल्स III से मिलना खास रहा- हरमनप्रीत
विमेंस टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, किंग चार्ल्स III से मिलने का अनुभव खास रहा। यह हमारी उनसे पहली मुलाकात थी और वे बहुत ही दोस्ताना स्वभाव के हैं।
उन्होंने आगे कहा, हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं और हमें खुद को दिखाने के बहुत मौके मिल रहे हैं।
भारतीय विमेंस टीम ने हाल ही इंग्लैंड विमेंस की खिलाफ पहली बार इंग्लैंड में टी-20 सीरीज अपने नाम की। टीम ने 5 मैचों की सीरीज 3-2 से जीतीं। टीम 16 से 22 जुलाई के बीच 3 वनडे मैच भी खेलेगी।

भारतीय विमेंस टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर मीडिया से बातचीत करती हुई।
किंग चार्ल्स ने लॉर्ड्स टेस्ट के बारे में बात की- गिल
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने कहा, किंग चार्ल्स III से मिलना शानदार अनुभव रहा। उन्होंने हमें बुलाया, यह हमारे लिए बहुत सम्मान की बात थी। बातचीत बहुत अच्छी रही।
गिल ने बताया, किंग चार्ल्स ने हमें बताया कि पिछले टेस्ट मैच में हमारा आखिरी बल्लेबाज जिस तरह आउट हुआ, वह दुर्भाग्यपूर्ण था। गेंद स्टंप्स पर लुड़क गई। हमने भी कहा कि वो मैच हमारी किस्मत से दूर रह गया, लेकिन आगे के मैचों में उम्मीद है कि भाग्य साथ देगा।

भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ब्रिटेन के राजा से मिलने के बाद इंटरव्यू देते हुए।
लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद गिल ने टेस्ट मैच के बारे में कहा:
दोनों टीमों ने बहुत जुनून के साथ खेला। हमने पूरी मानसिक और शारीरिक ताकत झोंकी। पांच दिन तक चले टेस्ट को जब सिर्फ 22 रन से हारो, तो विजेता को जरूर बहुत खुशी मिलती है।
उन्होंने यह भी कहा, जहां भी हम खेलते हैं, वहां हमें भारतीय फैंस का जबरदस्त समर्थन मिलता है, इसके लिए हम खुद को भाग्यशाली मानते हैं।
लॉर्ड्स टेस्ट में 22 रन से हार मिली
लॉर्ड्स टेस्ट के पांचवें दिन भारतीय टीम दूसरी पारी में सिर्फ 170 रन पर ऑलआउट हो गई। टारगेट 193 रन का था। पहले सेशन में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने ऋषभ पंत, केएल राहुल और वॉशिंगटन सुंदर को जल्दी आउट कर भारत को मुश्किल में डाल दिया।
इसके बाद रवींद्र जडेजा और नीतीश रेड्डी के बीच एक अच्छी साझेदारी बनने लगी थी। लेकिन लंच से ठीक पहले क्रिस वोक्स ने रेड्डी को आउट कर भारत की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। भारत लंच तक 112/8 पर पहुंच गया था।

4 साल बाद टेस्ट खेल रहे जोफ्रा आर्चर ने दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर को पवेलियन भेजा।
दूसरे सेशन में जडेजा को जसप्रीत बुमराह का साथ मिला। दोनों ने 35 रन की साझेदारी कर मैच को थोड़ा रोमांचक बनाया। लेकिन बुमराह ने एक बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की और 5 रन पर आउट हो गए।
इसके बाद मोहम्मद सिराज क्रीज पर आए और जडेजा का साथ देने लगे। जडेजा ने अर्धशतक जमाकर संघर्ष जारी रखा।
तीसरे सेशन में भारत को जीत की हल्की उम्मीद थी, लेकिन ऑफ स्पिनर शोएब बशीर ने सिराज को बोल्ड कर दिया और इंग्लैंड ने 22 रन से मैच जीत लिया।