मंडीबामोरा में प्रशासन ने बुधवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। एसडीएम विजय डेहरिया और तहसीलदार अंबर पंथी के नेतृत्व में यह कार्रवाई देर शाम तक चली।
.
प्रशासन ने मुख्य बाजार में सड़क पर फैले अतिक्रमण को हटाया। इसमें जर्जर दुकानें, छज्जे, ठेले और फुटपाथ पर बने अस्थायी ढांचे शामिल थे। खुरई-पठारी रोड पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण में बाधक सभी निर्माण और अतिक्रमण भी हटाए गए।
7 जर्जर दुकानें भी हटाई गईं
कृषि उपज मंडी परिसर से लगभग 7 जर्जर दुकानें भी हटाई गईं। कुछ दुकानदारों ने विरोध किया। लेकिन वे वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण रही।
कब्जा हटने से मुख्य सड़कें खाली
स्थानीय प्रशासन ने कहा कि यह कार्रवाई जनहित में की गई है। भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण चरणबद्ध तरीके से हटाए जाएंगे। मंडीबामोरा में पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई हुई है। इससे मुख्य सड़कें खाली हुई हैं। वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को राहत मिली है।

