नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा तहसील में मूंग खरीदी को लेकर किसानों ने बुधवार को आंदोलन किया। समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी केंद्रों में WDRA लाइसेंस नहीं होने से खरीदी रुक गई। इससे नाराज किसानों ने सालीचौका स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर खड़े कर चक्का जाम कर दिया
.
किसानों का कहना है कि उन्होंने शासन के निर्देश पर स्लॉट बुक किया था। खरीदी केंद्रों पर पहुंचने पर पता चला कि वेयरहाउस के पास आवश्यक लाइसेंस नहीं हैं। इस कारण उनकी मूंग की तौल नहीं हो सकी।
सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत की। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जल्द ही लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी कर खरीदी शुरू की जाएगी। किसी भी किसान को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
किसानों ने प्रशासन के आश्वासन पर जाम खोल दिया। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर मूंग खरीदी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।