Last Updated:
Jabalpur Weather Update Today: जबलपुर में खूब बारिश हुई. 15 दिन में ही आधा कोटा पूरा हो गया है. पानी उतर जाने के बाद नर्मदा नदी के घाट साफ किए जा रहे हैं. वहीं बरघी डैम भी शांत है.
मध्य प्रदेश के जबलपुर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. जहां बीते दिन जबलपुर में झमाझम बारिश हुई. सुबह तक मौसम साफ था, लेकिन शाम होते ही बादल मंडराने लगे और बारिश शुरू हो गई.

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में जबलपुर के कुछ स्थानों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है, जबकि कुछ इलाकों में बौछारें होगी. इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है.

बीते 15 दिन की बारिश में ही जबलपुर की बारिश का आधा कोटा पूरा हो गया है. जहां जिले में 25 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है. गौरतलब है, जबलपुर की औसतन बारिश करीब 55 इंच मानी जाती है.

जबलपुर का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री दर्ज किया गया. जहां 12 घंटे में करीब 1 इंच बारिश हुई और दक्षिण-पश्चिम हवाएं 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रही.

जबलपुर का 35 वर्षीय राजेंद्र झारिया अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने निदान वॉटरफॉल गया हुआ था, जहां राजेंद्र का पैर फिसला और गहरे पानी में डूब गया. जिसके बाद गोताखोरों ने रेस्क्यू कर तलाश की. फिर युवक का शव मिला. मौत के बाद वॉटरफॉल में हड़कंप मच गया.

भारी बारिश के चलते जहां नर्मदा के घाटों में कीचड़ फैल गया था और श्रद्धालु फिसल रहे थे. लिहाजा नगर निगम जबलपुर ने गौरीघाट और तिलवारा घाट सहित अन्य घाटों को अच्छे तरीके से साफ कर दिया है. जिससे घाट एक बार फिर चमचमाने लगे हैं.

मानसून सीजन की शुरुआती दिनों से खुले बरगी बांध के गेटों को अब भी बंद नहीं किया गया है. बरगी बांध के पांच गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है, जिन्हें आधा मीटर खोला गया है.