सीहोर जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 18 इंच बारिश दर्ज की गई।
सीहोर जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 18 इंच बारिश दर्ज की गई है। जो पिछले साल की इसी अवधि में हुई करीब 13 इंच बारिश से 5 इंच ज्यादा है। बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है।
.
दुर्घटना संभावित जगहों पर बैरिकेड लगाने के आदेश
कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने शनिवार को सुरक्षा के सख्त निर्देश जारी किए हैं। झरनों और दुर्घटना संभावित जगहों पर बैरिकेड लगाने के आदेश दिए गए हैं। पिकनिक स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे।
संचार व्यवस्था 24 घंटे खी जाएगी चालू
पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम इन जगहों पर नियमित गश्त करेगी। किसी भी आपदा की स्थिति में राहत और बचाव के लिए जरूरी उपकरण मौके पर उपलब्ध रहेंगे। संचार व्यवस्था 24 घंटे चालू रखी जाएगी। सभी अधिकारियों को मुख्यालय में रहने और नियुक्त स्थानों पर उपस्थित रहने के आदेश दिए गए हैं।
आपदा में फंस जाने पर मदद के लिए दिए गए टोल फ्री नंबर
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी से भरे हुए पुलों और पुलियों को पार न करें। साथ ही बांध, तालाब और झरनों जैसी जोखिम भरी जगहों पर भी जाने से बचें। अगर किसी आपदा में फंस जाएं तो टोल फ्री नंबर 1079 पर कॉल कर मदद मांग सकते हैं। कॉल करते समय अपना नाम, पता और लोकेशन की जानकारी जरूर दें। यह नंबर स्टेट कमांड सेंटर (होम गार्ड मुख्यालय) का है।