ग्रामीण छाते से मछली पकड़ते नजर आए।
जिले के चांचौड़ा इलाके में नागरिकों की लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां पुल के ऊपर से बह रही नदी में मछली पकड़ते हुए ग्रामीण नजर आए। वह पानी के बीच में पुल पर खड़े होकर छाते से मछली पकड़ते रहे। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
.
बता दें कि पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के बाद नारी नाले उफान पर हैं। हालांकि, शनिवार को शहरी क्षेत्र में बारिश नहीं हुई। पिछले दो दिनों की बारिश से शनिवार को भी गुना फतेहगढ़ रोड पर भौंरा नदी उफान पर रही। इस कारण आवागमन बंद रहा। हालांकि, इसके बाद भी कुछ नागरिक उफनती नदी को पार करते हुए नजर आए।
मामला चांचौड़ा इलाके के बटावदा गांव का है। यहां ग्रामीणों का मछली पकड़ते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर मछली पकड़ते हुए नजर आ रहे हैं। छाते का उपयोग बारिश से बचने के लिए किया जाता है, लेकिन ग्रामीणों द्वारा इसका इस्तेमाल मछली पकड़ने में किया जा रहा है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण उफनती नदी में पुल के ऊपर खड़े हुए हैं। पुल के ऊपर से भी पानी का बहाव काफी तेज है। लगभग सभी नागरिक हाथों में छाता पकड़े हुए हैं। छाते को उल्टा कर वह बहते पानी में मछलियां पकड़ रहे हैं। गनीमत रही कि तेज बहाव में कोई हादसा नहीं हुआ।
भौंरा नदी शनिवार को भी उफान पर रही।
जिले में अब तक 595 मिमी बारिश गुना जिले में 1 जून से अब तक 595.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। यह सामान्य वर्षा का 56.6 प्रतिशत है। जिले में पिछले वर्ष इसी अवधि में 343.7 औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले की वर्षा ऋतु में सामान्य औसत वर्षा 1053.5 मिलीमीटर है। अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 1 जून से 19 जुलाई तक जिले के वर्षामापी केन्द्र गुना में 869.3 मिलीमीटर, बमौरी में 789, आरोन में 529, राघौगढ़ में 510, चांचौड़ा में 446, कुम्भराज में 537 और वर्षा मापी केन्द्र मक्सूदनगढ में 489.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।