अनूपपुर जिले में चार हाथियों के झुंड ने कई गांवों में उत्पात मचाया। हाथी दिनभर बुढार रेंज के खोह बीट के जंगल में विश्राम करने के बाद रात में गांवों की ओर निकल गए।
.
हाथियों ने खोह गांव के बंधवाटोला में प्रेम नारायण सिंह, संतोष सिंह, रामशोभित सिंह और भैयालाल सिंह के घरों में तोड़फोड़ की। इसके बाद वे अनूपपुर तहसील के बड़हर गांव पहुंचे। यहां बृजभान नायक, कृष्णपाल नायक, ओमकार नायक, सूरज सिंह और माधव सिंह के खेतों की फसलें नष्ट कर दीं।
हाथी अनूपपुर-अमरकंटक मुख्य मार्ग को पार कर किरर गांव पहुंचे। वहां कन्हैया नायक, सहजान सिंह और रामगोपाल चौधरी के घरों को नुकसान पहुंचाया। मक्खन सिंह, जमुना सिंह, चेतराम सिंह की फसलें भी बर्बाद कीं। औढेरा के कठेवाटोला में उमा यादव के खेत और बाड़ी की फसलें भी नष्ट की गईं।
सोमवार सुबह हाथी किरर बीट के अंतर्गत औढेरा के जंगल में पहुंच गए। हाथियों के भय से खोह, बड़हर, किरर और औढेरा के ग्रामीण रात भर जागते रहे। कुछ परिवारों को वन विभाग की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। किरर गांव में एक अकेली वृद्ध महिला को भी हाथियों के खतरे के कारण घर से सुरक्षित निकाला गया।