मंदिर का इतिहास और महत्व
खंडवा के प्रसिद्ध समाजसेवी अशोक पालीवाल बताते हैं कि यह मंदिर कोई साधारण स्थान नहीं, बल्कि 12वीं शताब्दी का प्राचीन स्थल है, जिसे स्वयं पुरातत्व विभाग ने प्रमाणित किया है. वर्ष 2015 में जब कुछ लोगों ने इस स्थल को लेकर आपत्ति जताई, तो मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा. उस समय तत्कालीन कलेक्टर अग्रवाल द्वारा कराई गई पुरातात्विक जांच में यह पुष्टि हुई कि यहां अनादिकाल से शिवलिंग स्थापित है और यह स्थल ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है.
कहा जाता है कि इस स्थल पर दादा धूनीवाले महाराज के चरण भी पड़े थे. जब वे खंडवा आए थे, तब इस क्षेत्र में साधना कर महादेवगढ़ में आत्मशांति प्राप्त की थी. इसी कारण यह स्थल धार्मिक और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण माना जाता है. भक्तों का विश्वास है कि यहां भगवान शिव स्वयं प्रकट हुए हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं.
कावड़ यात्रा और नर्मदा जल अर्पण
श्रावण मास में यहाँ एक विशेष परंपरा होती है – ओंकारेश्वर से कावड़ लेकर आए श्रद्धालु माँ नर्मदा का जल इस स्वयंभू शिवलिंग पर चढ़ाते हैं. यह परंपरा वर्ष 2013 से आरंभ हुई थी, और अब तक 13 वर्षों से अनवरत जारी है. हर वर्ष हजारों कावड़िए, जिनमें महिलाएं, युवक, वृद्ध सभी शामिल होते हैं, ओंकारेश्वर से पैदल यात्रा कर यहां पहुंचते हैं और नर्मदा जल अर्पित करते हैं.
वर्ष 2014 से मंदिर में एक विशेष अनुष्ठान प्रारंभ किया गया है, जिसमें तीन लाख से अधिक रुद्राक्षों से विशाल शिवलिंग और शंकर जी की प्रतिमा बनाई जाती है. पूरे सावन मास में उस पर ’ॐ नमः शिवाय स्वाहा’ मंत्र की आहुति दी जाती है. यह रुद्राक्ष शिवलिंग चौबीस घंटे मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठित रहता है. एक माह की इस साधना के बाद, ये रुद्राक्ष भक्तों में वितरित किए जाते हैं ताकि वह शिव ऊर्जा हर घर तक पहुंचे.
चमत्कार और अनुभव
यहां आने वाले कई भक्तों का कहना है कि उनकी हर प्रार्थना यहां पूरी होती है. किसी को संतान प्राप्ति हुई, किसी के घर सुख-शांति लौटी और किसी के जीवन में लंबे समय से चली आ रही बाधाएं समाप्त हुईं. यही कारण है कि श्रद्धालुओं का विश्वास दिन-ब-दिन और गहराता जा रहा है.
महादेवगढ़ मंदिर की विशेष बात यह है कि यह केवल पूजा-पाठ का स्थान नहीं, बल्कि समाज जागरण का केंद्र है. मंदिर के पीछे मां भारत की प्रतिमा अखंड भारत के नक्शे के साथ स्थापित है, जो यह दर्शाता है कि यहां होने वाले हर अनुष्ठान का लक्ष्य है – ”भारत पुनः अपने परम वैभव को प्राप्त करे, अखंडता की दिशा में बढ़े और विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त हो.” पंडित अश्विन, हर्ष जी, कुश पालीवाल और मंदिर समिति के प्रमुख अतुल अग्रवाल पूरे महीने की पूजा और व्यवस्थाओं को देखते हैं. यहां किसी एक व्यक्ति के लिए कर्मकांड नहीं होता, बल्कि समष्टि कल्याण के लिए हर साधना और आयोजन होता है.
खंडवा का महादेवगढ़ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, एक जीवंत आस्था और सेवा का केंद्र है. सावन के पावन मास में यहां आकर हर भक्त शिव को महसूस करता है, जल चढ़ाता है और आत्मिक शांति पाता है. यह मंदिर सनातन परंपरा, सामाजिक चेतना और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम है – जो हर श्रावण में संजीवनी बनकर लोगों की आस्था को और अधिक मजबूत करता है.