विदिशा के लटेरी में नीलगाय के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग को रविवार रात 12:15 बजे सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग सर्चलाइट के साथ जंगल में घूम रहे हैं।
.
वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक चौधरी के नेतृत्व में दो टीमों ने तत्काल कार्रवाई की। जंगल से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। टीम के पहुंचने पर शिकारी अपना वाहन कच्चे रास्ते से भगाने लगे। कुछ दूर जाकर वे वाहन छोड़कर जंगल में भाग गए।
मौके से एक महिंद्रा मार्शल वाहन और नीलगाय के शरीर का आगे का हिस्सा बरामद हुआ। अगली सुबह टीम ने दोबारा तलाशी में नीलगाय का पिछला हिस्सा भी बरामद किया। वन विभाग ने नीलगाय के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
कार्रवाई में लटेरी के दक्षिण और उत्तर क्षेत्र के वन कर्मचारियों की संयुक्त भूमिका रही। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। विभाग ने कहा है कि जंगल में अवैध शिकार, कटाई और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।