अशोकनगर में नए बस स्टैंड पर एसपी विनीत कुमार जैन ने हस्ताक्षर कर अभियान का शुभारंभ किया।
अशोकनगर में नशामुक्ति के लिए पुलिस ने एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। मंगलवार शाम को नए बस स्टैंड पर एसपी विनीत कुमार जैन ने हस्ताक्षर कर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान को देहात थाना पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम चला रही है।
.
‘नशे को कहे ना – हस्ताक्षर अभियान’
बस स्टैंड पर एक बड़ा बैनर लगाया गया है, जिस पर ‘नशे को ना कहो – हस्ताक्षर अभियान’ लिखा है। एसपी ने बताया कि शहर के गांधी पार्क में एक एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। इस स्क्रीन पर देश-प्रदेश की जानी-मानी हस्तियों की ओर से नशा न करने की अपील दिखाई जा रही है।
बस स्टैंड पर एक बड़ा बैनर लगाया गया है, जिस पर ‘नशे को कहे ना – हस्ताक्षर अभियान’ लिखा है।
हस्ताक्षर बोर्ड पर लोग हस्ताक्षर कर नशा छोड़ने की शपथ ले रहे
कोतवाली थाना प्रभारी रविप्रताप सिंह चौहान की टीम ने भूरका दुबे और मुस्कान रघुवंशी के साथ मिलकर एक वीडियो तैयार किए हैं। वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग जागरूक हो सकें। गांधी पार्क में एक हस्ताक्षर बोर्ड भी लगाया गया है, जहां नशे के आदी लोग अपने हस्ताक्षर कर नशा छोड़ने की शपथ ले रहे हैं।

एक हस्ताक्षर बोर्ड भी लगाया गया है, जहां लोग अपने हस्ताक्षर कर नशा छोड़ने की शपथ ले रहे।
नुक्कड़ नाटकों के जरिए नशे के खिलाफ किया जा रहा जागरूक
दरअसल, मध्य प्रदेश में 15 से 30 जुलाई तक नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। अशोकनगर में पुलिस नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर रही है। इस अभियान में यातायात थाना प्रभारी स्नेहा ठाकुर, देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा, कई पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और बालिकाओं को भी जोड़ा जा रहा
पुलिस स्कूलों में जाकर छात्रों को भी नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बता रही है। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और बालिकाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। इस आयोजन के अलावा, जिले की पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को नशा न करने के लिए प्रेरित किया है।