विंध्य क्षेत्र में पर्यटन को नया आयाम देने के लिए 26 और 27 जुलाई को रीवा में पर्यटन कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 26 जुलाई को शाम 4 बजे कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
.
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नवीन सर्किट हाउस में कॉन्क्लेव की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने भी ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की सहायक प्रबंध संचालक विदिशा मुखर्जी ने बताया कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य रीवा और आसपास के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इसमें प्राकृतिक, धार्मिक और विरासत पर्यटन पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री पर्यटन निवेशक, टूर ऑपरेटर, होटल व्यवसायी और क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों को संबोधित करेंगे।
रीवा में सर्वाधिक जलप्रपात होने के साथ कई धार्मिक और पुरातात्विक स्थल हैं। संसाधनों की कमी के कारण यहां बाहरी पर्यटकों की संख्या कम है। इस कॉन्क्लेव में पर्यटन क्षेत्र में निवेशकों को दी जाने वाली सुविधाओं पर भी चर्चा होगी।


