कटनी के बरही वन परिक्षेत्र के खिरहनी गांव के जंगल में तेंदुए ने एक चरवाहे पर हमला कर दिया। घटना शुक्रवार शाम उस समय तब हुई, जब दलाली कोल अपनी बकरियां चराने गए थे।
.
दलाली ने बताया कि वह जंगल में घूम रहे थे, तभी अचानक तेंदुए ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। इस अचानक हमले से वह खुद का बचाव नहीं कर पाए। वह बुरी तरह से जख्मी हो गए।
तेंदुए के हमले के बाद भी दलाली ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद तेंदुआ वहां से भाग गया। घायल चरवाहे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वनरक्षक दुर्गा प्रसाद दुबे और दीपक यादव की टीम घटना स्थल पर पहुंची। टीम ने घायल दलाली कोल को बरही अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों के अनुसार, दलाली के शरीर पर गहरे जख्म हैं। हालांकि अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।