भाजपा नेताओं की मौजूदगी में युवक ने सिर पर जूता रखकर मांगी माफी।
शिवपुरी के बैराड़ कस्बे में शनिवार दोपहर थाने के सामने एक युवक को सिर पर जूता रखकर माफी मंगवाई गई। ये घटना कथित तौर पर भाजपा नेताओं की मौजूदगी में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
.
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले बैराड़ निवासी व्यवसायी मनीष गुप्ता के बेटे सार्थक और जिलाबदर आरोपी सुल्तान रावत के बेटे कुलदीप के बीच तालाब पर विवाद हुआ था। इस मौखिक झगड़े के बाद मनीष ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कुलदीप के साथ हाथापाई की थी। उस समय कुलदीप ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा।
‘जूता अपने सिर पर रखकर माफी मांगनी होगी’ शनिवार को विवाद सुलझाने के लिए पूर्व विधायक एवं मंत्री सुरेश राठखेड़ा, भाजपा मंडल महामंत्री पवन गुप्ता सहित कई राजनेताओं और समाजसेवियों की पंचायत बुलाई गई। पंचायत में निर्णय लिया गया कि सार्थक को कुलदीप और छोटू का जूता अपने सिर पर रखकर माफी मांगनी होगी। इसके बाद ही विवाद खत्म माना जाएगा।
‘मैं खुश हूं कि विवाद शांत हो गया’ इस पूरे प्रकरण पर सार्थक ने कहा कि वो इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहते और खुश हैं कि विवाद शांत हो गया। वहीं पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा ने दावा किया कि वो दिल्ली से लौट रहे थे और विवाद देखकर दोनों पक्षों में समझौता करवाकर वहां से चले गए थे। उनका कहना है कि उनके सामने सिर पर जूता रखने वाली घटना नहीं हुई।
‘वीडियो किसी ने एडिट करके डाला है’ बैराड़ टीआई रविशंकर कौशल ने इस तरह की किसी भी घटना से इनकार किया है। भाजपा मंडल महामंत्री पवन गुप्ता का फोन स्विच ऑफ मिला, जबकि कुलदीप के भाई छोटू रावत ने इसे घर का मामला बताते हुए कहा कि वीडियो को किसी ने एडिट करके डाला है।