करगिल विजय दिवस के अवसर पर सिवनी के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस की एनसीसी यूनिट ने सोमवार को जागरूकता रैली निकाली। लेफ्टिनेंट पवन वासनिक के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में छात्रों ने अमर शहीद वीर जवानों के जयकारे लगाए।
.
रैली भैरोंगंज क्षेत्र के कई प्रमुख चौराहों से होकर गुजरी। क्रीड़ा अधिकारी केसी राउर ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर 26 जुलाई से 8 अगस्त तक करगिल विजय दिवस के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग और जन भागीदारी अध्यक्ष अजय बाबा पांडेय ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कॉलेज के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। रैली के दौरान डॉ. दिनेश कुमार वर्मा ने यातायात व्यवस्था का सुचारु संचालन किया।
क्रीड़ा अधिकारी राउर ने बताया कि विजय दिवस के उपलक्ष्य में कॉलेज में विविध कार्यक्रम हो रहे हैं। इनमें छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य देश के वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को देश सेवा के लिए प्रेरित करना है।
1999 में भारत-पाकिस्तान के बीच करगिल की बर्फीली पहाड़ियों पर युद्ध हुआ था। पाकिस्तानी सेना और उसके प्रशिक्षित घुसपैठियों ने जम्मू-कश्मीर के करगिल सेक्टर में भारतीय सीमा में घुसपैठ कर कई ऊंचाई वाले इलाकों पर कब्जा कर लिया था।
इस घुसपैठ का उद्देश्य लेह-लद्दाख को शेष भारत से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 1 को नियंत्रित करना था। जब भारतीय सेना को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने ‘ऑपरेशन विजय’ शुरू किया। भारतीय वायुसेना ने भी ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की शुरुआत की।
लगभग 60 दिन तक चले इस युद्ध में 26 जुलाई 1999 को भारत ने विजय हासिल की। इसी कारण इस दिन को करगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस युद्ध में कई वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी।
देखें तस्वीरें



