टीकमगढ़ में भाजपा की सावरकर मंडल की कार्यकारिणी घोषित होते ही विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नाम पत्र भेजा है।
.
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि सावरकर मंडल कार्यकारिणी में ऐसे लोगों को जगह दी गई है, जिन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में काम किया था। स्वामी राय और रामकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि वे सालों से भाजपा के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन मंडल कार्यकारिणी में उन्हें जगह नहीं दी गई।
संजीव मिश्रा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष से कहा गया है कि सावरकर मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की गई है। बूथ के कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर उन व्यक्तियों को पदाधिकारी बनाया गया है, जिन्होंने कांग्रेस की सदस्यता लेकर उसके पक्ष में काम किया था।
कार्यकर्ताओं ने जिन लोगों को कांग्रेसी बताया है, उनमें अभिषेक पाराशर और अजय यादव (मंडल मंत्री), जय श्री पायक, दिनेश अहिरवार, दिलीप सिंह ठाकुर, कमलेश अहिरवार, कन्हैया अहिरवार, अजना यादव, नीरज तिवारी और सतीश तिवारी (स्थायी आमंत्रित सदस्य) शामिल हैं।
इन सभी को सावरकर मंडल में पदाधिकारी बनाने से मूल पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। पत्र के माध्यम से इन सभी लोगों को मंडल कार्यकारिणी से हटाए जाने की मांग की गई है।