एक महिला ने दूसरी महिला पर पत्थर से मारने की कोशिश की।
टीकमगढ़ जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र में एक मकान में किराए पर रहने वाली दो महिलाओं के बीच विवाद हुआ है। मकान में रहने के विवाद को लेकर दोनों महिलाओं में झगड़ा हो गया। घटना सोमवार रात 9 बजे की है। इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया है।
.
घटना में सविता लोधी और मोनिका दांगी नाम की दो महिलाएं शामिल हैं। दोनों देवी लोधी के मकान में किराए पर रहती हैं। विवाद के दौरान मोनिका दांगी गाली देने लगी। जब सविता ने उसे गाली देने से मना किया तो मोनिका मारपीट करने को तैयार हो गई।
गाली-गलौज के बाद पत्थर उठाकर फेंका
इसी बीच मोनिका ने मकान में रखा पत्थर उठाकर सविता की ओर फेंक दिया। हालांकि सविता को कोई चोट नहीं लगी। सविता के पति जितेन्द्र लोधी ने इस घटना का वीडियो बना लिया।
मंगलवार को सविता ने अपने पति के साथ पुलिस थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी संदीप सोनी ने बताया कि सविता लोधी ने मोनिका पर पत्थर फेंकने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों महिलाओं को थाने बुलाकर समझाइश दी और मामला शांत करा दिया है।