बीजेपी नगर-जिला अध्यक्षों की बैठक आज भोपाल में: प्रदेश अध्यक्ष नगर कार्यकारिणी तैयार करने पर करेंगे चर्चा, इंदौर से सूची लेकर भोपाल पहुंचे अध्यक्ष – Indore News

बीजेपी नगर-जिला अध्यक्षों की बैठक आज भोपाल में:  प्रदेश अध्यक्ष नगर कार्यकारिणी तैयार करने पर करेंगे चर्चा, इंदौर से सूची लेकर भोपाल पहुंचे अध्यक्ष – Indore News



बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बुधवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के जिला और नगर अध्यक्षों की बैठक ले रहे हैं। इंदौर के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा इस बैठक में शामिल होने भोपाल पहुंच गए हैं। बीजेपी सूत्

.

बीजेपी से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष ने 30 जुलाई को इन सभी अध्यक्षों को भोपाल में उपस्थित रहने को कहा था। इसके बाद से इंदौर नगर और जिला अध्यक्ष कार्यकारिणी की सूची तैयार करने में लगे थे। पांच दिन पहले नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने सभी विधायकों से दो-दो नाम मांगे थे पर शनिवार तक कहीं से नाम नहीं आए।

आखिर मिश्रा ने रविवार और सोमवार में सभी से कार्यकर्ताओं के नाम लेकर सूची तैयार की है। बता दें कि शनिवार को क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने इंदौर में प्रत्येक विधानसभा से वन-टू-वन चर्चा की थी। हालांकि इसे संगठनात्मक बैठक बताई गई थी, लेकिन इसका मकसद निगम, मंडल, प्राधिकरण और कार्यकारिणी की नियुक्ति से जोड़कर देखा जा रहा है।

अगस्त के पहले हफ्ते हो जाएगी कार्यकारिणी की घोषणा

बीजेपी सूत्र बताते हैं कि संगठन ने नगर और जिला कार्यकारिणी की घोषणा की तैयारी कर ली है। बताया जा रहा है कि अगस्त के पहले हफ्ते में इंदौर नगर कार्यकारिणी की घोषणा हो जाएगी। इसके साथ ही जिला कार्यकारिणी की घोषणा होने की भी संभावना है। सूत्र बताते हैं कि नगर और जिला कार्यकारिणी की घोषणा भोपाल से ही की जाएगी।

पिछली बार से छोटी होगी कार्यकारिणी

सूत्रों का कहना है कि इस बार नगर कार्यकारिणी पिछली बार से छोटी रहेगी। बीजेपी संगठन से जारी हुई गाइडलाइन के अनुसार इस बार नगर अध्यक्ष को मिलाकर 90 लोगों की टीम तैयार की जा रही है। जिसमें 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री और 1 कोषाध्यक्ष रहेंगे। इंदौर बीजेपी नगर कार्यकारिणी में पिछली बार 11 उपाध्यक्ष, 12 नगर मंत्री थे। पिछली बार सदस्यों की संख्या 82 थी।

कार्यकारिणी में महिलाओं की संख्या 36 रहेगी

नगर कार्यकारिणी में इस बार महिलाओं की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया है। पिछली बार जहां इंदौर नगर कार्यकारिणी में 24 महिलाओं को स्थान दिया गया था, वहीं इस बार टीम में 36 से ज्यादा महिलाओं को स्थान देने की बात कही गई है।

गाइडलाइन के अनुसार इस बार कार्यकारिणी में 90 सदस्यों में से 36 महिलाएं होना चाहिए, जिसमें भी 6 महिलाएं अजा और अजजा वर्ग से होना चाहिए। पिछली बार सदस्यों में इनकी संख्या 18 ही थी। वहीं, नगर पदाधिकारियों में इस बार महिलाओं की संख्या 9 होना चाहिए। जिसमें 2 महिलाएं अजा और अजजा वर्ग से होना जरूरी है। पिछली बार नगर पदाधिकारियों में इनकी संख्या 6 थी।

कोषाध्यक्ष, नगर कार्यालय मंत्री होंगे रिपीट

गाइडलाइन में नगर कार्यकारिणी में कोषाध्यक्ष, नगर कार्यालय मंत्री और मीडिया संयोजक को रिपीट करने को कहा गया है। हालांकि यह भी गाइडलाइन में कहा है कि इन तीनों ही पदों पर परिवर्तन तब ही किया जाए जब बहुत ही आवश्यकता लगे। बीजेपी सूत्रों की मानें तो कोषाध्यक्ष गुलाब सिंह ठाकुर और मीडिया संयोजक रितेश तिवारी व नितिन द्विवेदी को रिपीट किया जाना लगभग तय है। बीजेपी नगर कार्यकारिणी में पिछली बार 11 उपाध्यक्ष और 12 नगर मंत्री बनाए गए थे। जिनमें से अधिकांश रिपीट हुए थे, लेकिन इस बार किसी के भी रिपीट होने की संभावना बहुत कम है। बताया जा रहा है कि 8 बीजेपी उपाध्यक्ष और 8 नगर मंत्री नए चेहरों को ही बनाया जाएगा।



Source link