Last Updated:
Morena School News: उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बारे में स्थानीय लोगों ने पहले ही प्रशासन को बता दिया था. लेकिन, कोई नहीं चेता. और अब…
हाइलाइट्स
- स्कूल की दीवार और शौचालय ढहे, कोई जनहानि नहीं हुई
- स्कूल में दरारें, 535 बच्चों की जान पर खतरा
- अभिभावकों ने मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की
Morena News: मुरैना के रामपुरकला स्थित बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. तेज बारिश के चलते स्कूल भवन की एक दीवार और शौचालय अचानक भरभराकर ढह गए. हादसे के वक्त स्कूल में छात्र-छात्राएं नहीं पहुंचे थे, जिससे बड़ी जनहानि टल गई. हालांकि, स्कूल की एक अन्य कक्षा में भी दरारें आ गई हैं, जिससे अब स्कूल में पढ़ रहे 535 बच्चों की जान पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है.
गौरतलब है कि छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों ने पूर्व में कई बार दीवार में दरार की शिकायत की थी, लेकिन शिक्षा विभाग और प्रशासन के अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज कर दिया था. अधिकारियों ने स्कूल का निरीक्षण भी किया था, उस दौरान भी बच्चों और पालकों ने भवन की जर्जर हालत के बारे में अवगत कराया था, मगर समस्या का समाधान नहीं किया गया. घटना ने स्कूल भवन की बदहाल स्थिति और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही को उजागर कर दिया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार ज्ञापन और शिकायतों के बाद भी प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. अब हादसे के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर मुआयना कर रही है, लेकिन बच्चों के अभिभावक डरे हुए हैं और उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द स्कूल भवन की मरम्मत कराई जाए या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई सुरक्षित माहौल में हो सके.
स्कूल में दहशत का माहौल
लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर क्यों बच्चों की शिकायतों और अभिभावकों की चेतावनियों को गंभीरता से नहीं लिया गया. फिलहाल, घटना के बाद से स्कूल परिसर में दहशत का माहौल है. प्रशासन के खिलाफ लोगों में गहरा आक्रोश भी देखने को मिल रहा है.