बुरहानपुर जिले के नेपानगर रेलवे ओवरब्रिज पर दो दिनों से अंधेरा पसरा है। करीब 60 एलईडी लाइटों में से 50 से अधिक लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में केवल 4-5 लाइटें ही कार्यरत हैं।
.
दो महीने पहले भी हुई थी समस्या
स्थानीय लोगों ने बताया कि, यह समस्या नई नहीं है। दो महीने पूर्व भी 40-42 एलईडी लाइटें अचानक बंद हो गई थीं, जिन्हें सेतु निगम ईएंडएम द्वारा दुरुस्त किया गया था। इस ओवरब्रिज पर पहले दो हादसे भी हो चुके हैं। जनता की मांग पर एक माह पूर्व नगर पालिका ने सुरक्षा की दृष्टि से जालियां लगवाई थीं।
दो साल पहले बना था ओवरब्रिज
86 डिग्री वाला यह रेलवे ओवरब्रिज, जो लगभग दो साल पहले बनकर तैयार हुआ, नेपानगर का एकमात्र आवागमन मार्ग है। पहले मातापुर रेलवे गेट से आवागमन होता था, जहां वर्तमान में अंडरपास निर्माणाधीन है। ओवरब्रिज बनने के बाद से मातापुर गेट बंद कर दिया गया है।

नपा अध्यक्ष बोलीं- जल्द शुरू करवाएंगे
नगर पालिका अध्यक्ष भारती विनोद पाटिल ने बंद पड़ी एलईडी लाइटों को शीघ्र चालू कराने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि अभी तक ओवरब्रिज और इस पर स्थापित बिजली व्यवस्था का नगर पालिका को हस्तांतरण नहीं हुआ है। एक अगस्त को होने वाली नगर पालिका की बैठक में सेतु निगम से ब्रिज के हस्तांतरण का प्रस्ताव रखा जाएगा।