शहर में माधवनगर थाना क्षेत्र में कारों के कांच फोड़ने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही। यहां के लोग दहशत में है और आक्रोशित भी है। शुक्रवार को फिर ऐसी ही दो घटनाएं हो गई। यहां दो दिन में चार कारों के कांच बदमाश फोड़ चुके हैं। तीन माह में यह 10वीं वार
.
ऋषिनगर में शुक्रवार को शैलेंद्र टोरने व स्वप्नेश वर्मा की घर के बाहर खड़ी कार के कांच बदमाशों ने फोड़ दिए। सुबह कॉलोनी के लोग इकट्ठा हुए और क्षेत्र में आए दिन हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर आक्रोश जताया। टोरने ने कहा कि 20 दिन पहले कार का कांच अज्ञात बदमाश फोड़ गए थे, अभी नया कांच लगवाया तो फिर नुकसान कर गए। बहुत ज्यादा परेशान हो चुके हैं और माधवनगर पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए कुछ नहीं कर पा रही।
ये घटनाएं बदमाशों के खौफ को बयां कर रही
घटना 1 : एलआईजी निवासी बिजली कंपनी ठेकेदार राजेंद्रकुमार जाधव व उनके पुत्र पुनीत जाधव समेत पड़ोसी अग्रवाल की कार के कांच 30 जून रविवार-सोमवार तड़के शरारती तत्वों ने फोड़ दिए थे। इसका सीसीटीवी फुटेज भी लोगों ने माधवनगर पुलिस को उपलब्ध कराया था लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
घटना 2 : 31 जुलाई को ऋषिनगर निवासी राहुलसिंह भदौरिया तथा समीप में रहने वाले शुभम पुरोहित की कार घर के बाहर खड़ी थी, जिसके कांच बदमाशों ने फोड़ दिए। लोगों ने इसलिए रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई, क्योंकि पुरानी घटना में ही आरोपी नहीं पकड़े गए।
घटना 3 : 18 जुलाई को माधवनगर थाना क्षेत्र के ही लक्ष्मीनगर में भी घर के बाहर खड़ी कार के कांच फोड़ने की घटना हुई थी लेकिन इसमें भी कुछ नहीं हुआ। इसमें भी पुलिस को डॉयल 100 पर सूचना दी गई थी।
घटना 4 : शैलेंद्र टोरने रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। 20 दिन में दूसरी बार व तीन माह में तीसरी बार बदमाश उनकी गाड़ी के कांच फोड़ गए। इसके अलावा क्षेत्र के स्वप्नेश वर्मा की कार भी फोड़ी है। शुक्रवार को बेटे रोनाल्ड टोरने को माधवनगर थाने भेजकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई।
थाने वालों से बात करता हूं, सख्त कदम उठाएंगे
तीन माह में ऋषिनगर के इन लोगों की गाड़ी क्षतिग्रस्त की तीन माह के दौरान ऋषिनगर में जिन लोगों की गाड़ियां फोड़ी गई है, वहां के लोगों ने भास्कर को पूरी सूची भेजी है। शैलेंद्र टोरने की कार एमपी 13 सीडी-0895, जोन विल्सन की कार एमपी 13 जेडसी-8706, संजीव अग्रवाल की कार एमपी 09 सीएल-6037 समेत क्षेत्र के ही दीपक शर्मा की कार, रहवासी काका की दो कार एमपी 13 सीसी-9455 तथा एमपी 09 डब्ल्यूएफ-4585 के कांच फोड़े। 30 जून को पुनीत जाधव व राजेंद्रकुमार जाधव की कार की दो कारें बदमाश फोड़ गए। इसी दिन उनके पड़ोसी भी एक कार का कांच फोड़ा था।
माधवनगर थाना क्षेत्र में कार फोड़ने की घटना जो सामने आई है व पूर्व में जो घटना हुई है, उसे लेकर थाने वालों से बात करता हूं। मामले में सख्त कदम उठाएंगे। – गुरुप्रसाद पाराशर, एएसपी