मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में नगर पालिका की सफाई कर्मी महिला बहनों को 2500 रुपए की राशि उपहार स्वरूप दी। यह कार्यक्रम मैहर पर्यटक सूचना केंद्र में किया गया। इसमें नगर की लगभग सभी सेवा मित्र बहनों ने उत्साह पूर्वक भाग लिय
.
कार्यक्रम के दौरान 150 महिला सफाई बहनों में से 73 के बैंक खातों में 2500 रुपए ट्रांसफर किए गए। शेष महिलाओं के खातों में यह राशि सोमवार को ट्रांसफर की जाएगी।
विधायक ने कहा, “आज मेरा नहीं, सेवा मित्र बहनों का सम्मान करने का दिन है।” उन्होंने मंच से पुष्प वर्षा कर सभी महिला कर्मियों का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोनी और उपाध्यक्ष शीतल ताम्रकार सहित कई अतिथि उपस्थित थे।
विधायक ने स्पष्ट किया कि यह योजना केवल नगर पालिका की सफाई कर्मी बहनों तक सीमित नहीं रहेगी। बदेरा, अंमदरा, नादन जैसे अन्य क्षेत्रों में कार्यरत सेवा मित्र बहनों को भी लाभ दिया जाएगा, जिनके खाते अब तक लिंक नहीं हुए हैं, वे दस्तावेज़ जमा कर इस योजना का लाभ ले सकेंगी।
इस अवसर पर विधायक ने मैहर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। इनमें संयुक्त कलेक्टर भवन का निर्माण, स्टेडियम की स्थापना और अन्य योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के समापन पर सेवा मित्र बहनों ने विधायक को राखी बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
