कटनी शहर के सराफा बाजार में हड़कंप मच गया है। सराफा व्यापारियों ने कोतवाली थाना क्षेत्र में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अंशुल सोनी नामक युवक करीब दो करोड़ रुपए का सोना लेकर फरार हो गया है।
.
व्यापारियों ने बताया कि फरार अंशुल सोनी, सराफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश सोनी का बेटा है। इस घटना से व्यापारियों में गहरी नाराजगी है। इसी घटनाक्रम के चलते सराफा व्यापारियों के उपाध्यक्ष ललित सोनी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत और जानकारी देने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कटनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया का कहना है कि व्यापारियों द्वारा अभी तक स्पष्ट रूप से सोने की मात्रा और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसके कारण जांच में दिक्कत हो रही है।
हालांकि, पुलिस का दावा है कि युवक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।