इंदौर में बच्चा बेचने वाली महिलाओं को पुलिस ने पकड़ा: ऑटो पार्टस कर्मचारी ने डील की, फिर पुलिस को दी सूचना; 10 लाख थी बच्चे की कीमत – Indore News

इंदौर में बच्चा बेचने वाली महिलाओं को पुलिस ने पकड़ा:  ऑटो पार्टस कर्मचारी ने डील की, फिर पुलिस को दी सूचना; 10 लाख थी बच्चे की कीमत – Indore News



इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में बच्चा बेचने की आशंका में पुलिस ने आधा दर्जन महिलाओं और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता पहले से आरोपी महिलाओं को जानता

.

शिकायतकर्ता का नाम रितेश व्यास है, जो आजाद नगर रहने वाला है। वह ऑटो पार्ट्स की दुकान में काम करता है। लगभग छह महीने पहले उसकी मुलाकात प्रमिला पति अविनाश साहू (निवासी मयूर नगर) और वंदना पति राजू मकवाना (निवासी टॉवर चौराहा) से मूसाखेड़ी चौराहे पर हुई थी। दोनों ने खुद को बुजुर्गों के लिए केयर सेंटर चलाने वाली बताया था। इसके बाद दोनों से रितेश की कई बार मुलाकात हुई।

बच्चा गोद लेने के बहाने डील की

बातचीत के दौरान प्रमिला और वंदना ने रितेश को बताया कि वे उन लोगों की मदद करती हैं जो नि:संतान हैं और उन्हें बच्चे दिलाने का काम करती हैं। इस पर रितेश को दोनों पर शक हुआ। कुछ लोगों से जानकारी मिली कि वे पहले हीरानगर थाना क्षेत्र में बच्चा बेचने के मामले में जेल जा चुकी हैं।

रितेश ने इस मामले की जानकारी अपने दोस्त को दी और दोनों ने मिलकर पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने बच्चा गोद लेने के बहाने डील की और आरोपियों को 4 अगस्त को अग्रसेन चौराहे पर मिलने बुलाया। यहां प्रमिला और वंदना ने रितेश से राजू, प्रिया, और बच्चे की मां सोनू बेन का परिचय कराया।

सोनू की गोद में करीब डेढ़ माह का बच्चा था। बातचीत के दौरान प्रमिला और वंदना ने कहा कि सोनू की हालत ठीक नहीं है, इसलिए वह बच्चा देना चाहती है। इसी बीच रितेश ने मौका देखकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर थाने ले आई।

10 लाख में हुई थी डील, सोनू को बताया गया सिर्फ 4 लाख

पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रमिला और वंदना ने बच्चे के बदले रितेश से 10 लाख रुपए की डील की थी, लेकिन सोनू को सिर्फ 4 लाख रुपए देने की बात कही गई थी। आर्थिक रूप से कमजोर सोनू इस बात के लिए राजी हो गई थी।

गुजरात की रहने वाली है सोनू, पहले पति ने छोड़ दिया था

जानकारी के अनुसार सोनू मूलतः गुजरात की रहने वाली है। साल 2022 में उसके पहले पति ने उसे छोड़ दिया था। इसके बाद वह उज्जैन आ गई थी। यहां एक युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और फिर धोखा देकर छोड़ गया।

सोनू को पहले पति से एक बेटी है। गर्भवती होने के दौरान उसकी मुलाकात प्रमिला और वंदना से हुई। दोनों ने उसे आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया और डिलीवरी का खर्च भी उठाया। इसके बाद बेटे को पालने में असमर्थता जताने पर उन्होंने उसे बच्चा बेचने के लिए राजी कर लिया।

बच्चा बेचने के साथ ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग से भी जुड़ी हैं महिलाएं

पुलिस का कहना है कि यह गैंग उन महिलाओं को निशाना बनाता है जो आर्थिक रूप से कमजोर या संकट में होती हैं। रावजी बाजार पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ये महिलाएं ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग जैसी गतिविधियों में भी शामिल हैं। पुलिस फिलहाल हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि कहीं और भी बच्चों की खरीद-फरोख्त तो नहीं की गई।



Source link