जनपद सदस्य पर सुअर के शिकार का आरोप
छतरपुर जिले के गौरिहार जनपद पंचायत से एक वीडियो सामने आया है। इसमें करीब 10 लोग एक बोरी पर मांस के टुकड़े भरते हुए नजर आ रहे हैं। पास में कुल्हाड़ी भी रखी हुई है।
.
एक अन्य वीडियो में कुछ लोग एक सूअर को पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जनपद सदस्य पर लगा आरोप
स्थानीय लोगों ने एक जनपद सदस्य पर जंगली सुअर का शिकार करने और उसके मांस को खुलेआम लोगों में बांटने का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कैसे कथित जनपद सदस्य ने जंगली सुअर का शिकार किया और बाद में उसका मांस कई लोगों के बीच बांटा।
लोगों को आरोप है कि जनपद सदस्य मध्यप्रदेश के राज्य वन मंत्री दिलीप अहिरवार के खास हैं। वीडियो में जनपद सदस्य जंगली सुअर के मांस में अपना हिस्सा लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोगों के बीच हिस्से बांटने की बातचीत भी सुनाई दे रही है।
गौरिहार थाना प्रभारी संदीप दीक्षित ने बताया कि वीडियो सुबह मिला है। इस मामले में दो दिन पहले एक महिला सूअर घूमने की शिकायत लेकर आई थी। इसकी जांच की जा रही है।
वन विभाग और पुलिस जांच में जुटी
लवकुश नगर रेंजर को भी सूचना दी गई है। उनकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एसडीओ नरेश पाटीदार और सीसीएफ नरेश सिंह यादव से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार से भी बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।