नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार: पीड़िता गर्भवती हुई तो सामने आया मामला, दमोह जिले की रहने वाली है पीड़िता – Sagar News

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार:  पीड़िता गर्भवती हुई तो सामने आया मामला, दमोह जिले की रहने वाली है पीड़िता – Sagar News



पुलिस गिरफ्त में दुष्कर्म का आरोपी।

सागर की सानौधा थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दमोह जिले में रहने वाली नाबालिग के साथ बहला-फुसलाकर गलत काम किया था। पीड़िता गर्भवती हुई तो मामला सामने आया है।

.

दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय पीड़िता पेट में दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती हुई थी। जहां जांच के बाद उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। नाबालिग होने पर अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

पटेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान लिए। उसने बताया कि सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर में रहने वाले अंकित अहिरवार उम्र 23 साल ने झांसा देकर उसके साथ गलत काम किया था।

पीड़िता के बयानों के आधार पर पटेरा पुलिस ने जीरो पर मामला दर्ज किया। घटनास्थल सानौधा थाना क्षेत्र का होने के कारण केस डायरी सानौधा पुलिस को भेजी गई। केस डायरी मिलने के बाद पुलिस ने असल कायमी की और आरोपी की तलाश शुरू की।

तलाश करते हुए शनिवार को आरोपी अंकित अहिरवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।



Source link