गरोठ थाना क्षेत्र के गांव आक्या कुंवर प्रदा में रक्षाबंधन पर एक बैरागी परिवार के 9 सदस्य फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी को इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
.
परिवार ने रक्षाबंधन के लिए गांव साठखेड़ा के दूध विक्रेता राजू राठौर से 1 किलो मावा खरीदा था। इस मावे से लड्डू बनाए गए थे। शनिवार सुबह करीब 11 बजे परिवार के सदस्यों ने लड्डू खाए।
कुछ समय बाद उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हुई। सबसे पहले लड्डू खाने वालों की तबीयत बिगड़ी। धीरे-धीरे यह समस्या पूरे परिवार में फैल गई।
ये लोग हुए हैं बीमार
प्रभावित लोगों में ईश्वर लाल हरिराम बैरागी (55), कारी बाई शंकर लाल बैरागी (50), शांति बाई बलराम बैरागी (50), कालूलाल बलराम बैरागी (35), शालू बबलू बैरागी (28), श्यामू बाई हरिराम दास बैरागी (95), पूजा बालकिशन बैरागी (28), गुड्डी बाई ईश्वरलाल बैरागी (50), और जीवन बलराम बैरागी (25) शामिल हैं।
घटना के बाद सभी 9 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सभी मरीज खतरे से बाहर
शनिवार शाम को सभी प्रभावितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन को अन्य अस्पताल रेफर किया गया। डॉ. किशोर सिंह परिहार के अनुसार, मरीजों की हालत स्थिर है। वे खतरे से बाहर हैं और इलाज प्रक्रिया जारी है।
इससे पहले भी फूड पॉइजनिंग की घटना हो चुकी
जानकारी के अनुसार, राजू राठौर ने यह मावा चोमेला राजस्थान के एक भंडारी से खरीदा था। मावे की गुणवत्ता पर संदेह जताया जा रहा है। इससे पहले भी 11 अप्रैल 2018 को गांव गुराडिया नर्सिंग में प्रेम पाटीदार की बेटी के विवाह में राजू राठौर से खरीदे गए मावे से फूड पॉइजनिंग की घटना हो चुकी है।
डॉक्टर ने कहा कि खाद्य विभाग को घटना की जानकारी दी है। अब वे ही सैंपल कलेक्ट करने जाएंगे।